अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : ईद और सरहुल पर्व को देखते हुए राजधानी रांची में पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। शुक्रवार को मेन रोड पर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर साफ संकेत दिया कि त्योहार के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मार्च
फ्लैग मार्च सिटी एसपी पारस राणा, रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और सदर एसडीएम कुमार रजत की देखरेख में निकाला गया। इस दौरान कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, कई थानेदार और बड़ी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे। अधिकारियों ने खुद पूरे इलाके का जायजा लिया।
संवेदनशील इलाकों में खास नजर
फ्लैग मार्च मेन रोड के साथ आसपास के उन इलाकों से भी गुजरा, जहां भीड़ ज्यादा रहती है या जिन्हें संवेदनशील माना जाता है। पुलिस टीम हर जगह रुककर हालात का आकलन करती दिखी। जवानों की मौजूदगी से इलाके में अलग ही माहौल नजर आया।
लोगों से की गई अपील
पुलिस ने लोगों से साफ कहा है कि त्योहार को मिलजुल कर मनाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। अगर कहीं कुछ संदिग्ध दिखे तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
प्रशासन के अनुसार, पूरे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बाजार, चौक-चौराहे और धार्मिक स्थलों पर खास नजर रखी जा रही है। सीसीटीवी और पेट्रोलिंग के जरिए हर गतिविधि पर नजर बनी रहेगी।
साफ संदेश देने की कोशिश
इस फ्लैग मार्च का मकसद सिर्फ सुरक्षा का जायजा लेना नहीं, बल्कि लोगों में भरोसा पैदा करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना भी है कि किसी तरह की गड़बड़ी करने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी।
इसे भी पढ़ें : सरहुल पर रांची में फ्री बसों की सौगात, इन 10 रूट से घर लौटना होगा आसान



