अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Supaul : सुपौल के भीमनगर चेकपोस्ट पर मद्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच शिक्षकों को शराब के नशे में गिरफ्तार किया है। टीम यहां नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान नेपाल से लौट रहे कुछ लोगों को शक के आधार पर रोका गया। जांच के दौरान सभी पांचों लोगों का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया। जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद मौके पर ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए हिरासत में लिया गया।
छात्रों के साथ गए थे नेपाल
मिली जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार सभी लोग मधेपुरा जिले के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। बताया जा रहा है कि ये शिक्षक मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत छात्रों को लेकर नेपाल गए थे। वहीं से लौटते समय उन्होंने शराब का सेवन किया, जिसके बाद चेकपोस्ट पर पकड़े गए।
शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई
मद्य निषेध विभाग के इंस्पेक्टर संजय प्रियदर्शी ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। ऐसे में शराब पीना भी कानूनन अपराध है। सभी आरोपियों को जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
घटना से शिक्षा विभाग में हलचल
इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने भी इस मामले की आलोचना की है। उनका कहना है कि जिन शिक्षकों पर बच्चों को सही राह दिखाने की जिम्मेदारी है, अगर वही कानून तोड़ेंगे तो यह समाज के लिए चिंता की बात है।

इसे भी पढ़ें : नाबालिगों की गुंडई : उधार में गुटखा नहीं दिया तो दाग दी गोली



