अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में घर से सोने के जेवरात चोरी करने वाले गैंग का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस चोरी कांड में नाबालिग समेत चार आरोपियों को दबोचा गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मुन्ना जायसवाल (58), उमंग कुमार साहू (28) और सूजल कुमार (19) बताये गये। मुन्ना जायसवाल लालपुर के पीस रोड का रहने वाला है। वहीं, उमंग कुमार साहू कोकर के जतरा टांड़ और सूजल कुमार सुभाष चौक का रहने वाला है। एक नाबालिग को डिटेन किया गया है। पुलिस की कार्रवाई में चोरी के गहनों के साथ तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
नाबालिग निकला पूरे खेल का ‘कड़ी’
इस पूरे केस का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि मामले की कड़ी एक नाबालिग से जुड़ी। पुलिस ने जब उसे कस्टडी में लेकर पूछताछ की तो उसने पूरे गैंग का पर्दाफाश कर दिया। उसी की निशानदेही पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर बाकी आरोपियों को दबोचा गया। बताया जा रहा है कि मुन्ना जायसवाल का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है, जबकि नाबालिग पर भी पहले केस दर्ज हो चुका है।
25 मार्च को दिया था वारदात को अंजाम
इस गैंग ने 25 मार्च को एक घर को निशाना बनाकर सोने के जेवरात पार कर दिए थे। घटना के बाद लालपुर थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी जांच और लोकल इनपुट के आधार पर पुलिस नाबालिग तक पहुंची और फिर पूरी चेन खुलती चली गई।
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान जब्त किया है, जिसमें सोने की अंगूठी, चेन, कान के फूल (दो जोड़े), झुमका और तीन मोबाइल फोन (OnePlus, Realme, Itel) शामिल हैं।
टीम वर्क से मिली बड़ी सफलता
इस पूरे ऑपरेशन को लालपुर थानेदार रूपेश कुमार सिंह, एसआई मुकेश कुवंर, उत्तम कुमार, सुनील पासवान, आशीष कुमार सिपाही मुकेश उरांव और ड्राइवर अजय कुमार की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तेजी से केस का खुलासा कर दिया।
इसे भी पढ़ें : नाबालिगों की गुंडई : उधार में गुटखा नहीं दिया तो दाग दी गोली



