अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में एक बार फिर गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों तक बारिश की वजह से लोगों को राहत मिली थी, लेकिन अब मौसम साफ होते ही तापमान तेजी से चढ़ने लगा है। सोमवार को सुबह से ही तेज धूप रही और दोपहर तक गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। सड़कों पर निकलने वाले लोग धूप से बचने के लिए छांव ढूंढते नजर आए, तो कई लोग ठंडे पेय का सहारा लेते दिखे।
12 जिलों में लू चलने की चेतावनी
मौसम विभाग ने 17 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, रांची, सिमडेगा, जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला-खरसावां में लू चलने की संभावना है। इन इलाकों में दिन के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
कहां कितना रहा तापमान
पिछले 24 घंटे के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा गर्मी डाल्टनगंज में रही, जहां तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं गुमला में सबसे कम 16.8 डिग्री दर्ज किया गया।
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम 20.2 डिग्री रहा।
जमशेदपुर में पारा 39.0 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि बोकारो में 38.1 डिग्री और चाईबासा में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश के बाद फिर बढ़ी गर्मी
हाल ही में हुई बारिश से तापमान में करीब 9 डिग्री तक गिरावट आई थी। उस वक्त लोगों को काफी राहत मिली थी। लेकिन अब तीन से चार दिनों से मौसम साफ है, जिससे गर्मी तेजी से वापस लौट आई है।
क्या करें, कैसे बचें
मौसम विभाग ने साफ तौर पर कहा है कि लू के दौरान लापरवाही भारी पड़ सकती है। इसलिए दोपहर में बेवजह बाहर निकलने से बचें। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर ढककर निकलें, पानी ज्यादा पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दी गई है।
इसे भी पढ़ें : सगाई के अगले ही दिन इस हाल में मिले जीजा-साली, मची सनसनी



