अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ पुलिस ने बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी पांडेय गिरोह के लिए काम करते थे और इलाके में ठेकेदारों व कारोबारियों से लेवी वसूलने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोबाइल और एक पल्सर बाइक भी जब्त की है।
रात में मिली सूचना, तुरंत एक्टिव हुई पुलिस
एसपी अजय कुमार ने मीडिया को बताया कि 14 अप्रैल की रात करीब 11:25 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक हथियार लेकर किसी बड़ी घटना की तैयारी में रामगढ़ थाना क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और डीएसपी मुख्यालय सह एसडीपीओ चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम को अलग-अलग जगहों पर एंटी क्राइम चेकिंग लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि संदिग्धों को पकड़ा जा सके।
भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेरकर पकड़ा
रात करीब 2:30 बजे अरगड्डा रोड के बड़का चुम्बा मोड़ पर चेकिंग के दौरान एक काले रंग की पल्सर बाइक पर दो युवक आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बादल कुमार और सोनू नंदी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से देशी पिस्टल और जिंदा गोलियां बरामद हुईं। साथ ही दो मोबाइल फोन और बाइक भी जब्त की गई।
पूछताछ में खुला लेवी वसूली का प्लान
पुलिस पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे पांडेय गिरोह के लिए काम करते हैं। गिरोह के इशारे पर रामगढ़ के ठेकेदारों, व्यवसायियों और डीओ होल्डरों को हथियार दिखाकर लेवी वसूलने की योजना बनाई गई थी। दोनों उसी योजना को अंजाम देने के लिए इलाके में पहुंचे थे।
कई धाराओं में केस दर्ज, जेल भेजे जाएंगे आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रामगढ़ थाना में कांड संख्या 90/2026 दर्ज किया है। उन पर बीएनएस और आर्म्स एक्ट की कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
एसपी का सख्त संदेश
एसपी अजय कुमार ने साफ कहा कि जिले में अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है, ताकि आम लोगों की सुरक्षा बनी रहे।
इसे भी पढ़ें : जश्न की रात लूट ली छात्रा की आबरू, सहेली सहित तीन को पुलिस ने दबोचा



