अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के गाड़ी गांव के पास शनिवार भोरे-भोर नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कॉर्पियो और बुलेट बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में बुलेट सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की शिनाख्त पाटन थाना क्षेत्र के कांके कला गांव निवासी आकाश पांडेय के रूप में हुई है। आकाश भाजपा सांसद वीडी राम के प्रतिनिधि ईश्वरी पांडेय के बेटे थे। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
सुबह 8 बजे के आसपास हुई टक्कर
पड़वा थानेदार अंचित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। स्कॉर्पियो पड़वा की ओर से आ रही थी, जबकि बुलेट बाइक मेदिनीनगर की तरफ से जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बुलेट सवार आकाश पांडे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
खाई में जा गिरी स्कॉर्पियो
हादसे के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे से नीचे खाई में जा गिरी। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पड़वा थानेदार अंचित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।
घायल अस्पताल भेजे गए
इस हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) भेज दिया गया।
ग्रासिम इंडस्ट्री में जूनियर इंजीनियर थे आकाश
परिजनों ने बताया कि आकाश पांडेय ग्रासिम इंडस्ट्री, रेहला में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। शनिवार सुबह वह मेदिनीनगर स्थित घर से ड्यूटी के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया। आकाश की शादी चार साल पहले हुई थी। उनकी अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
अस्पताल पहुंचे भाजपा नेता और कार्यकर्ता
घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता एमएमसीएच पहुंचे। सभी ने परिजनों से मुलाकात कर दुख व्यक्त किया और उन्हें ढांढस बंधाया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पूरे इलाके में शोक
आकाश पांडेय की असमय मौत से गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है। लोग इस हादसे को बेहद दुखद बता रहे हैं। परिवार, रिश्तेदार और जानने वाले सभी सदमे में हैं।
इसे भी पढ़ें : भयंकर गर्मी से झुलस रहा झारखंड, अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग



