अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : राजमहल लोकसभा क्षेत्र से झामुमो सांसद विजय हांसदा एक दिवसीय दौरे पर पाकुड़ पहुंचे, जहां उन्होंने SIR को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ कहा कि यह सिर्फ एक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि सीधे तौर पर लोगों के वोट देने के अधिकार से जुड़ा मामला है। ऐसे में झारखंड मुक्ति मोर्चा किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चाहता। सांसद ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह मुस्तैद हैं और उन्हें साफ निर्देश दिया गया है कि हर हाल में असली मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में बना रहना चाहिए।
जमीनी स्तर पर काम कर रहे कार्यकर्ता
सांसद हांसदा ने बताया कि SIR को लेकर झामुमो ने संगठन स्तर पर पूरी तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय समिति से लेकर जिला समिति तक कई दौर की बैठक हो चुकी है, प्रखंड और पंचायत स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही हर कार्यकर्ता को यह समझाया गया है कि SIR में कौन-कौन से फॉर्म भरने होते हैं और क्या जानकारी देनी होती है। उन्होंने कहा कि अब कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं, ताकि कोई भी सही मतदाता इस प्रक्रिया में छूट न जाए।
लोगों को समझाया जा रहा है पूरा प्रोसेस
सांसद ने कहा कि SIR को लेकर आम लोगों के बीच अभी भी काफी भ्रम है। इसी वजह से कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे सीधे लोगों से मिलकर उन्हें समझाएं। उन्होंने बताया कि किन दस्तावेजों की जरूरत होगी, किस तरह फॉर्म भरना है एवं कब और कहां जमा करना है। इन सभी बातों की जानकारी लोगों को दी जा रही है, ताकि प्रक्रिया आसान हो सके।
तकनीक को लेकर जताई चिंता
सांसद हांसदा ने एक अहम बात यह भी कही कि झामुमो SIR का विरोध नहीं करता है, लेकिन इसमें इस्तेमाल हो रही तकनीक को लेकर सवाल जरूर उठाता है। उनका कहना है कि अगर तकनीकी खामियां रहीं तो इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा और असली मतदाताओं के नाम भी कट सकते हैं। उन्होंने कहा, “हमारा विरोध प्रक्रिया से नहीं है, बल्कि उस सिस्टम से है जो गलती कर सकता है।”
पश्चिम बंगाल का उदाहरण देकर चेताया
सांसद ने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पहले भी ऐसी स्थिति बन चुकी है।उन्होंने बताया कि छोटे-छोटे बदलावों के कारण कई लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए थे। यहां तक कि बड़े अधिकारियों के नाम भी सूची से गायब हो गए थे।उन्होंने कहा कि झारखंड में ऐसी स्थिति नहीं आने दी जाएगी और इसी वजह से पहले से ही तैयारी की जा रही है।
पाकुड़ में SIR पर सांसद विजय हांसदा का ऐलान- “एक भी जेनुइन वोटर का नाम नहीं कटने देंगे”
तकनीक पर उठाए सवाल, बंगाल चुनाव पर भी दिया संकेत#Jharkhand #Pakur #SIR #VijayHansda #JMM #WestBengal #PoliticalNews #TodayNews #TrendingNews pic.twitter.com/lHBPmMeWPY— News Samvad (@newssamvaad) April 30, 2026
बंगाल चुनाव पर भी दिया संकेत
पश्चिम बंगाल के चुनाव को लेकर भी सांसद हांसदा ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें जो फीडबैक मिल रहा है, उसके मुताबिक ममता बनर्जी एक बार फिर सरकार बना सकती हैं और चौथी बार मुख्यमंत्री बन सकती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा उन ताकतों के साथ खड़ा रहा है जो संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करती हैं।“भाईचारा ही लोकतंत्र की असली ताकत” सांसद ने पश्चिम बंगाल के लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि वहां के लोग मिलजुल कर रहते हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि इस बार भी लोगों ने इसी भावना के साथ मतदान किया है, जो लोकतंत्र के लिए एक अच्छा संकेत है।
झामुमो का साफ संदेश
अंत में सांसद विजय हांसदा ने साफ शब्दों में कहा कि झामुमो का एक ही लक्ष्य है “कोई भी जेनुइन वोटर मतदाता सूची से बाहर न हो।” उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी इस मुद्दे पर और ज्यादा सक्रिय रहेगी और हर स्तर पर नजर रखेगी, ताकि किसी भी आम नागरिक के अधिकार के साथ कोई अन्याय न हो।
इसे भी पढ़ें : रांची के विकास का नया ब्लूप्रिंट तैयार, सीएम बोले- हरियाली से समझौता नहीं



