अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mumbai : देश की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इस साल रोजगार के मोर्चे पर बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 1 लाख से ज्यादा नई भर्तियां की हैं। इसके साथ ही रिलायंस में काम करने वाले कर्मचारियों की कुल संख्या बढ़कर 4 लाख 19 हजार 911 तक पहुंच गई है। कंपनी की ताजा सालाना रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। रिलायंस का कहना है कि आने वाले समय में AI, डिजिटल टेक्नोलॉजी और ग्रीन एनर्जी कंपनी की सबसे बड़ी ताकत बनने वाली है। इसी वजह से भर्ती में भी इन सेक्टर्स पर सबसे ज्यादा फोकस किया गया। कंपनी अब खुद को AI और डीप टेक आधारित संगठन के रूप में तैयार कर रही है।
AI और डिजिटल सेक्टर में बढ़ी भर्ती
रिपोर्ट के मुताबिक रिलायंस ने डेटा साइंस, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे क्षेत्रों में बड़ी संख्या में युवाओं को मौका दिया। कंपनी का मानना है कि आने वाले वर्षों में कारोबार का बड़ा हिस्सा टेक्नोलॉजी आधारित होगा, इसलिए अभी से स्किल्ड मैनपावर तैयार की जा रही है। जियो की तरफ से भर्ती प्रक्रिया को आसान और निष्पक्ष बनाने के लिए AI आधारित भर्ती प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया। यह प्लेटफॉर्म 11 भारतीय भाषाओं में काम करता है। इससे छोटे शहरों और दूरदराज के इलाकों के युवाओं तक भी कंपनी की पहुंच बढ़ी है।
ग्रीन एनर्जी से खुल सकते हैं 2 लाख रोजगार
रिलायंस की सबसे बड़ी उम्मीद अब ग्रीन एनर्जी सेक्टर से जुड़ी हुई है। गुजरात के जामनगर में बन रहा धीरूभाई अंबानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स आने वाले समय में रोजगार का बड़ा केंद्र बन सकता है। कंपनी का दावा है कि इस प्रोजेक्ट में करीब 2 लाख ग्रीन जॉब्स पैदा करने की क्षमता है। रिलायंस सोलर, बैटरी, हाइड्रोजन और स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। कंपनी का मानना है कि भारत में ग्रीन एनर्जी सेक्टर तेजी से बढ़ेगा और इससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
कर्मचारियों पर भी बढ़ा खर्च
कंपनी ने अपने कर्मचारियों पर खर्च भी बढ़ाया है। FY26 में रिलायंस ने कर्मचारियों पर कुल 30,318 करोड़ रुपये खर्च किए। पिछले साल यह आंकड़ा 28,559 करोड़ रुपये था। यानी इस बार करीब 6.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी का कहना है कि कर्मचारियों की ट्रेनिंग, स्किल डेवलपमेंट और बेहतर कार्य माहौल पर लगातार निवेश किया जा रहा है।
लगातार छठे साल मिला बड़ा सम्मान
रिलायंस को लगातार छठे साल ‘ग्रेट प्लेस टू वर्क’ सर्टिफिकेशन मिला है। इसके अलावा कंपनी को ब्रैंडन हॉल ग्रुप HCM एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2024 और ग्रेट मैनेजर इंस्टीट्यूट की ओर से भी सम्मान मिला है। कंपनी का दावा है कि वह कर्मचारियों के लिए बेहतर वर्क कल्चर और लीडरशिप तैयार करने पर लगातार काम कर रही है।
महिला भागीदारी में भी बढ़ोतरी
रिलायंस में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ रही है। FY26 में नेतृत्व वाले पदों पर महिलाओं की हिस्सेदारी 14.7 प्रतिशत रही। वहीं कमाई से सीधे जुड़े कामों में महिलाओं की हिस्सेदारी 30.6 प्रतिशत तक पहुंच गई। कंपनी ने यह भी बताया कि उसके ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी प्रोग्राम को FY26 में 53,900 रजिस्ट्रेशन मिले। इससे साफ है कि युवाओं में रिलायंस के साथ काम करने को लेकर काफी उत्साह है।
इसे भी पढ़ें : PLFI चीफ अमृत होरो गिरफ्तार, शादी में जाने से पहले रांची पुलिस ने दबोचा

