अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : उत्तर प्रदेश में मौसम का बदला हुआ मिजाज सोमवार को भी बना रहने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 63 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पिछले तीन दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। रविवार को भी कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई थी। कहीं ओले गिरे तो कहीं पेड़ और दीवार गिरने से हादसे हुए। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन खराब मौसम की वजह से जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।
सोमवार को इन जिलों में ज्यादा असर दिख सकता है
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल, अवध, तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को मौसम बिगड़ सकता है। प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, मैनपुरी, कासगंज, अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, संभल, झांसी और ललितपुर समेत 63 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कई जगहों पर अचानक तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है।
रविवार को बारिश से मिली राहत
रविवार को लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली थी। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बलिया में सबसे ज्यादा 34.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि मुरादाबाद, हरदोई, आगरा और लखनऊ में भी अच्छी बारिश हुई। लगातार पड़ रही गर्मी से परेशान लोगों को मौसम के इस बदलाव से राहत मिली। कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया। हालांकि बस्ती जिला 40 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।
हादसों ने बढ़ाई चिंता
रविवार को खराब मौसम के कारण कई जगह हादसे भी हुए। चंदौसी में पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो गई। लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में दीवार गिरने से नौ वर्षीय बच्चे की जान चली गई। इटावा में भी दो लोगों की मौत की खबर सामने आई। इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
प्रदेश में लगातार बदलते मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैयार रहें। मुख्यमंत्री ने जनहानि और पशुहानि की स्थिति में प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा फसलों के नुकसान का जल्द सर्वे कराने के निर्देश भी दिए हैं।
मंगलवार से कमजोर पड़ सकता है सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार तक पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रहेगा। मंगलवार से इसका प्रभाव धीरे-धीरे कम होने लगेगा। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है और तापमान में फिर बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। फिलहाल सोमवार को लोगों को आंधी, बिजली और तेज हवाओं से सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और कमजोर निर्माण वाली जगहों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
इसे भी पढ़ें : नहीं रहे रांची के पूर्व सिटी एसपी विद्यानंद मिश्र, आज निकलेगी अंतिम यात्रा

