अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के बड़ी अलीगंज की एक शांत दोपहर अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गई। लोगों की भीड़ एक घर के बाहर जमा थी। कुछ ही देर में खबर पूरे इलाके में फैल गई कि घर के कुएं से एक महिला का शव निकाला गया है। मृत महिला कोई और नहीं, बल्कि उसी घर में रहने वाली 28 वर्षीय अकीबा बीवी थी, जो दो छोटे बच्चों की मां थी। चार साल पहले जिस प्रेम कहानी ने समाज की बंदिशों को तोड़कर शादी का रूप लिया था, उसका अंत अब एक रहस्यमयी मौत के रूप में सामने आया है। मौत कैसे हुई, इसका जवाब अभी जांच के घेरे में है, लेकिन परिजनों के आरोपों ने पूरे मामले को सनसनीखेज बना दिया है।
कुएं से निकला शव, मोहल्ले में फैल गई सनसनी
शनिवार को बड़ी अलीगंज बस स्टैंड के पास रहने वाले इरफान अंसारी के घर के कुएं में महिला के गिरने की सूचना मिली। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद महिला को कुएं से बाहर निकाला गया। उस वक्त उसकी हालत गंभीर थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही मौत की खबर फैली, जितनी जुबां उतनी तरह की बातें होने लगी। लोग समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर एक हंसते-खेलते परिवार में ऐसा क्या हुआ कि महिला की जान चली गई।
चार साल पहले की थी लव मैरिज
मृतका के परिजनों के अनुसार अकीबा बीवी ने करीब चार साल पहले इरफान अंसारी से लव मैरिज किया था। परिवार की नाराजगी और सामाजिक दबाव के बावजूद दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं। शादी के बाद कुछ समय तक सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था, लेकिन धीरे-धीरे रिश्तों में दरार आने लगी। परिजनों का आरोप है कि अकीबा को अक्सर प्रताड़ित किया जाता था। कई बार उसने अपनी परेशानी मायके वालों को भी बताई थी। परिवार वालों का कहना है कि उन्हें कभी अंदाजा नहीं था कि यह रिश्ता एक दिन इतनी दर्दनाक कहानी में बदल जाएगा।
बच्चों की बातों ने खड़े कर दिए कई सवाल
घटना के बाद जब मायके वाले मौके पर पहुंचे तो माहौल और गर्म हो गया। मृतका के पिता और बड़ी बहन ने सीधे तौर पर पति इरफान अंसारी पर हत्या का आरोप लगा दिया। परिजनों का दावा है कि घर में मौजूद बच्चों ने जो बातें बताईं, उसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। उनका आरोप है कि बच्चों ने बताया कि घटना से पहले घर के अंदर झगड़ा हुआ था। इसके बाद अकीबा के साथ मारपीट की गई और उसका गला दबाया गया। परिजनों का कहना है कि बाद में उसे कुएं में फेंक दिया गया। हालांकि बच्चों के इन कथित बयानों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। थानेदार ने बताया कि शुरुआती तौर पर महिला की मौत कुएं में गिरने से हुई प्रतीत हो रही है। लेकिन यह हत्या है, आत्महत्या है या हादसा, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस परिवार के लोगों, पड़ोसियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही बच्चों के बयान और अन्य परिस्थितियों को भी गंभीरता से देखा जा रहा है।
पूरे इलाके की निगाह अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर
बड़ी अलीगंज में फिलहाल हर जुबान पर सिर्फ एक ही चर्चा है। लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर अकीबा की मौत के पीछे की सच्चाई क्या है। एक तरफ परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, दूसरी तरफ पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
इसे भी पढ़ें : कुख्यात राहुल दुबे का ‘वारिस’ धराया, गिद्दी चेकपोस्ट पर बरसाईं थी गोलियां

