अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में शिक्षा, पुलिस कार्रवाई और अवैध कब्जों से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं।
मेधावी छात्रा की मदद को आगे आए सीएम
जनता दर्शन के दौरान लखनऊ की एक छात्रा अपनी मां के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची। छात्रा ने बताया कि उसने इंटरमीडिएट की परीक्षा अच्छे अंकों से पास की है और वह बीटेक करना चाहती है। हालांकि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आगे की पढ़ाई में परेशानी आ रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने छात्रा की मार्कशीट देखी और उसकी पढ़ाई की सराहना की। उन्होंने छात्रा को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि उसका प्रवेश लखनऊ के किसी अच्छे संस्थान में कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक तंगी किसी भी प्रतिभाशाली और जरूरतमंद छात्र की शिक्षा में बाधा नहीं बनने दी जाएगी। मुख्यमंत्री से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद छात्रा और उसकी मां ने उनका आभार जताया।
पुलिस की अनदेखी और अवैध कब्जों पर सख्त रुख
जनता दर्शन में कई लोगों ने पुलिस द्वारा शिकायतों पर कार्रवाई न करने और अवैध कब्जों से जुड़े मामलों की शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। फरियादियों ने बताया कि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है और उन्हें न्याय मिलने में देरी हो रही है।सीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि हर मामले की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निस्तारण की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
पहले स्थानीय स्तर पर शिकायत करने की सलाह
कार्यक्रम में कुछ ऐसे लोग भी पहुंचे जिन्होंने अपनी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने पहले अपने जिले या मंडल स्तर के अधिकारियों से संपर्क किया था। कई लोगों ने बताया कि वे सीधे जनता दर्शन में ही अपनी समस्या लेकर आए हैं। इस पर सीएम ने कहा कि लोगों को सबसे पहले जनपद और मंडल स्तर के अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अनेक समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सकता है, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से राजधानी आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
गर्मी में स्वास्थ्य का भी रखें ध्यान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में आए लोगों से बातचीत के दौरान बढ़ती गर्मी को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने लोगों को सावधानी बरतने और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में जरूरी एहतियात अपनाना बेहद आवश्यक है। जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक बार फिर यह संदेश देने की कोशिश की कि सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जरूरतमंदों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
Also Read : सीएम योगी बोले- युवाओं की ताकत से यूपी बनेगा देश का सबसे बड़ा स्टार्टअप हब

