अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय तहलका मच गया, जब मौलाना आजाद कॉलोनी गेट के पास स्थित पप्पू होटल के नजदीक एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। इस हमले में शमशेर नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि शमशेर को दो गोलियां लगी हैं। घायल युवक अंजुमन इस्लामिया नूरिया महापंचायत के अध्यक्ष हाजी सऊद आलम का बेटा है।
होटल के पास अचानक चली गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इलाके में पप्पू होटल के पास पहुंचे एक अपराधी ने अचानक शमशेर पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं शमशेर खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए उसे उठाया और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद परिजन और समर्थक भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों की टीम घायल युवक का इलाज कर रही है। फिलहाल उसकी हालत को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन दो गोली लगने के कारण मामला गंभीर माना जा रहा है।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
फायरिंग की सूचना मिलते ही नामकुम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द से जल्द अपराधी की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर किस दिशा से आया और वारदात को अंजाम देने के बाद किस रास्ते से फरार हुआ। तकनीकी जांच के साथ-साथ मानवीय सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।
इसे भी पढ़ें : हैवान शिक्षक… मासूम को पढ़ा रहा था एयरगन से अपने ही परिवार के कत्ल का ‘पाठ’

