अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Muzaffarpur : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सैदपुरा मोहल्ले की है, जहां बुधवार को एक कमरे से युवक का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कुढ़नी प्रखंड के केरमा गांव निवासी 35 वर्षीय विवेक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विवेक शादी के बाद से अपनी पत्नी के साथ ससुराल में ही रह रहा था।
कमरे में मिला शव, लोगों ने दी सूचना
परिजनों के मुताबिक, बुधवार को मोहल्ले के लोगों ने उन्हें फोन कर विवेक की मौत की जानकारी दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर परिजन हैरान रह गए। उनका कहना है कि विवेक का शव कमरे में पड़ा हुआ था और उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। परिजनों का दावा है कि उसके हाथ पर दांत से काटने के निशान भी थे।
पहले भी मारपीट की बात कह रहे परिजन
मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि विवेक के साथ ससुराल में अक्सर मारपीट की जाती थी। उन्होंने बताया कि विवेक राजमिस्त्री का काम करता था और लंबे समय से ससुराल में रह रहा था। परिजनों का कहना है कि जिस हालत में शव मिला है, उसे देखकर यह मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि हत्या का लगता है। उनका आरोप है कि हत्या करने के बाद पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
पत्नी, ससुर और साले पर गंभीर आरोप
विवेक के परिजनों ने इस मामले में उसकी पत्नी, ससुर और साले पर सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तीनों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है। परिवार के लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद मृतक के घर और मोहल्ले में शोक का माहौल है।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
मामले को लेकर काजी मोहम्मदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, इसलिए मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी साफ
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : बिहार में निवेश की ओर गूगल का बढ़ता कदम, सीएम सम्राट से हुई अहम बैठक

