अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : गोड्डा की युवा मुक्केबाज शिक्षा कुमारी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद शिक्षा से झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शिक्षा की उपलब्धि को पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों, मेहनत ईमानदारी से की जाए और खुद पर भरोसा रखा जाए, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।

गोड्डा की बेटी ने बढ़ाया राज्य का मान
मंत्री ने कहा कि शिक्षा कुमारी की सफलता सिर्फ एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह गोड्डा और झारखंड की तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि आज राज्य की बेटियां खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रही हैं और अपनी प्रतिभा से नई पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा जैसी खिलाड़ी यह संदेश देती हैं कि अवसर मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी बड़े मंचों पर शानदार प्रदर्शन कर सकती हैं। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को भी खेलों की ओर प्रेरित करेगी।
शिक्षा ने साझा किया अपना अनुभव
मुलाकात के दौरान शिक्षा कुमारी ने चैंपियनशिप से जुड़े अपने अनुभव मंत्री के साथ साझा किए। उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारियों, मुकाबलों और स्वर्ण पदक तक पहुंचने के सफर के बारे में विस्तार से बताया। शिक्षा ने कहा कि यह जीत उनके लिए बेहद खास है और वह आगे भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मेहनत जारी रखेंगी।

फाइनल मुकाबले में पश्चिम सिंहभूम की खिलाड़ी को हराया
गौरतलब है कि झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन और सरायकेला-खरसावां जिला बॉक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 40 से 43 किलोग्राम भार वर्ग में शिक्षा कुमारी ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने पश्चिम सिंहभूम की खिलाड़ी सिली को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में शिक्षा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और गोल्ड मेडल जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनका मानना है कि झारखंड में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और उचित मार्गदर्शन देने की है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा कुमारी आने वाले दिनों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन करेंगी और झारखंड के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन करेंगी।
इसे भी पढ़ें : महिलाओं की ताकत पर मंत्री दीपिका का भरोसा, बोलीं- अब दुनिया तक पहुंच रहा झारखंड का हुनर

