अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर पुलिस ने एक साथ कई जगह छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित एसआईटी ने हिन्दपीढ़ी, सुखदेवनगर और कोतवाली थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 27.89 ग्राम ब्राउन शुगर, नकदी, मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और एक सीएनजी ऑटो जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग थानों में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
तीन जगहों पर एक साथ हुई कार्रवाई
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि शहर के अलग-अलग इलाकों में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है। इसके बाद सिटी एसपी के निर्देशन और कोतवाली के एएसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। सबसे पहले टीम ने हिन्दपीढ़ी थाना क्षेत्र में मरवाड़ी कॉलेज के पास छोटा तालाब स्थित एक अर्द्धनिर्मित मकान में छापेमारी की। यहां से मोहम्मद एहतेशाम और मोहम्मद शहादत को ब्राउन शुगर बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से 13 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 1.29 ग्राम है, और नकदी बरामद की गई। इस मामले में हिन्दपीढ़ी थाना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद एसआईटी ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मुड़ला पहाड़, हेहल इलाके में छापेमारी की। यहां से जितेन्द्र कुमार सिंह और राहुल कुमार यादव को 18.6 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और एक सीएनजी ऑटो भी जब्त किया है। दोनों के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसी कार्रवाई के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र में जेपीएससी कार्यालय के बगल से राजकुमार पुराण को भी 8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। इस संबंध में कोतवाली थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। राजकुमार पुराण के खिलाफ नामकुम थाना में चोरी और अन्य मामलों के दो केस पहले से दर्ज हैं। मोहम्मद शहादत पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोहम्मद एहतेशाम के खिलाफ भी हिन्दपीढ़ी थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट और चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं।
सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि राजधानी में नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ब्राउन शुगर की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में मौ’त उगलती सुरंगें, फलता-फूलता माफिया नेटवर्क और लुटता खजाना… जानें

