अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chatra : झामुमो यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान BLA-2 को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और ईमानदारी के साथ काम करना होगा, ताकि मतदाता सूची से जुड़ा हर कार्य सही तरीके से पूरा हो सके। वह रविवार को चतरा कॉलेज के मल्टीपरपज हॉल में झामुमो की जिला समिति की ओर से आयोजित बूथ सम्मेलन सह BLA प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेन ने की, जबकि संचालन जिला सचिव चंद्रदेव साहू ने किया।
SIR की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया
अपने संबोधन में विनोद कुमार पांडेय ने कार्यकर्ताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि BLA-2 की जिम्मेदारी केवल बूथ तक सीमित नहीं है, बल्कि मतदाता सूची से जुड़े हर बदलाव पर नजर रखना भी उनकी अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पूरी गंभीरता से अपने क्षेत्र में काम करें और लोगों तक सही जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर से ही शुरू होती है। यदि बूथ मजबूत रहेगा तो संगठन भी मजबूत होगा। इसलिए हर कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पूरी निष्ठा के साथ काम करना चाहिए।

जिले भर से पहुंचे कार्यकर्ता
प्रशिक्षण शिविर में जिले के सभी प्रखंडों से बड़ी संख्या में BLA-2 पदाधिकारी, बूथ स्तरीय कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी पहुंचे। सभी ने प्रशिक्षण को गंभीरता से सुना और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी हासिल की। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची के सत्यापन और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। चतरा पहुंचने पर केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय का जिला समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।

कई वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में केंद्रीय समिति सदस्य मनोज चंद्रा, केंद्रीय समिति सदस्य पूरन राम, जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेन, जिला उपाध्यक्ष पिंटू सिंह, अमरदीप साव और असलम अंसारी, जिला सचिव चंद्रदेव साहू, जिला कोषाध्यक्ष नितेश कुमार राणा, जिला युवा अध्यक्ष राहुल कुमार यादव, जिला छात्र अध्यक्ष रूपेश कुमार यादव, जिला प्रवक्ता सतेंद्र मित्तल, वरिष्ठ कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह उर्फ पप्पू सिंह, महाबीर साव, अभिषेक निषाद सहित जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष, प्रखंड सचिव, BLA-2 पदाधिकारी और बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें : SIR पर खूंटी में गरजे विनोद पांडेय, बोले- ये वोट का अधिकार छीनने की साजिश

