अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सीएम सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण की रफ्तार बढ़ाई जाए, लेकिन गुणवत्ता और सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम ने कहा कि 2 जुलाई 2026 को मलाहीपकड़ी तक पटना मेट्रो परियोजना के विस्तारीकरण का लोकार्पण किया जाएगा। इससे शहर के लोगों को आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी और समय की भी बचत होगी।
हर चरण की तय होगी समयसीमा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि परियोजना के हर चरण के लिए स्पष्ट कार्ययोजना और टाइमलाइन तैयार की जाए। अलग-अलग स्थानों पर एक साथ तेजी से काम किया जाए ताकि पूरी परियोजना समय पर पूरी हो सके। उन्होंने दोहराया कि किसी भी स्तर पर निर्माण की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ट्रैफिक जाम से राहत के लिए बनेगी व्यापक योजना
मेट्रो निर्माण के दौरान लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूरे पटना शहर की यातायात व्यवस्था का अध्ययन कर जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए समग्र ट्रैफिक योजना बनाई जाए। साथ ही निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
नियमित मॉनिटरिंग पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि परियोजना की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और समय-समय पर प्रगति की समीक्षा होती रहे। यदि कहीं काम धीमा हो तो तुरंत आवश्यक कदम उठाकर उसे गति दी जाए। उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो शुरू होने के बाद राजधानीवासियों को सुरक्षित, तेज और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा, प्रदूषण घटेगा और लोगों का सफर पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक बनेगा।
सैटेलाइट टाउनशिप का मास्टर प्लान भी जल्द तैयार करने का निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पटना के प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप के मास्टर प्लान को भी तय समयसीमा के भीतर तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजधानी के सुनियोजित विस्तार और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
इन अधिकारियों ने लिया बैठक में हिस्सा
बैठक में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : बिहार को मिलेगा विज्ञान का नया पावरहाउस, CM सम्राट ने दिया ग्रीन सिग्नल

