अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Saran : सारण जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में अधिवक्ता बाप-बेटे के चर्चित दोहरे हत्याकांड के अहम गवाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उसका एक साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए ग्रामीण सड़क पर उतर आए, सड़क जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पहले हादसा लगा, फिर सामने आई गोलीबारी की सच्चाई
पुलिस के मुताबिक 28 और 29 जून की रात करीब 12:20 बजे सूचना मिली कि मेथवलिया चौक से चनचौरा जाने वाली सड़क पर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। वहां दो युवक गंभीर रूप से घायल पड़े मिले। दोनों की पहचान मेथवलिया गांव के रहने वाले पंकज राय और मनीष कुमार के रूप में हुई। पुलिस दोनों को तुरंत सदर अस्पताल, छपरा लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने पंकज राय को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मनीष कुमार को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जांच के दौरान पुलिस को दोनों युवकों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले। इसके बाद साफ हो गया कि यह सड़क हादसा नहीं, बल्कि पहले गोली मारकर हत्या करने की कोशिश की गई और बाद में घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।
डबल मर्डर केस का अहम गवाह था पंकज
घटना की जानकारी मिलते ही सारण के एसएसपी विनीत कुमार और सदर-1 एसडीपीओ रामपुकार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से बातचीत की। पुलिस जांच में पता चला कि मृतक पंकज राय मुफ्फसिल थाना कांड दर्ज अधिवक्ता बाप और बाट के दोहरे हत्याकांड का महत्वपूर्ण गवाह था। वह पहले पुलिस सुरक्षा के बीच अदालत में अपनी गवाही भी दे चुका था। ऐसे में पुलिस इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश और कोर्ट में दी गई गवाही से जोड़कर भी जांच कर रही है।
गांव में आक्रोश, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
पंकज राय की हत्या की खबर फैलते ही गांव में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार की सुरक्षा तथा कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी हुई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। किसी तरह हालात को नियंत्रित किया गया। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एसआईटी गठित, दो संदिग्ध हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी विनीत कुमार के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। कई संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। घायल मनीष कुमार से मिली शुरुआती जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : पटना मेट्रो पर सीएम सम्राट का अल्टीमेटम, तय समय में पूरा करें काम

