अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhanbad : शुक्रवार की रात घड़ी में ठीक 12 बजे थे। धनबाद के बड़े-बड़े आलीशान बियर बारों में तेज संगीत बज रहा था, रंगीन रोशनियों के बीच जाम छलक रहे थे और शहर के रईसजादे वीकेंड की मस्ती में डूबे थे। किसी को कानोकान भनक तक नहीं थी कि अगले ही पल क्या मंजर सामने आने वाला है। अचानक,पुलिस सायरन की आवाजों से पूरा इलाका गूंज उठा। जब तक बार के बाउंसर और मैनेजर कुछ समझ पाते, तब तक पूरे लाव लश्कर के साथ ‘सिंघम’ अवतार में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय बार के भीतर दाखिल हो चुके थे। पलक झपकते ही संगीत बंद और बत्तियां गुल हो गई।
काउंटर से लेकर वीआईपी केबिन तक मचा हड़कंप
जैसे ही डीएसपी प्रकाश सोय ने भारी पुलिस अमले और थाना प्रभारी मनोज पांडेय के साथ कुकून, डी-3, यार्क और लक्सस जैसे नामी बारों में कदम रखा, वहां मौजूद हर शख्स के पसीने छूट गए। डीएसपी सोय की आंखों में वो कड़ा तेवर था जिसे देख अच्छे-अच्छे अपराधियों की रूह कांप जाए। उन्होंने कड़कती आवाज में सीधे मैनेजरों को निशाने पर लिया और कहा, “लाइसेंस कहां है? रजिस्टर सामने लाओ!” डीएसपी ने खुद एक-एक रजिस्टर खंगाला, पन्ने पलटे और जांच की।

नाबालिगों की एंट्री पर भड़के डीएसपी, बोले- अगर कोई बच्चा दिखा, तो सीधे जेल जाओगे
इस खौफनाक छापेमारी के दौरान डीएसपी प्रकाश सोय का सबसे रौद्र रूप तब देखने को मिला जब उन्होंने बार में कम उम्र के लड़कों को देखा। उन्होंने तुरंत हर टेबल पर जाकर पहचान पत्रों की जांच शुरू करवा दी। बिना आईडी कार्ड के बैठे लोगों को पुलिस ने वहीं दबोच लिया। डीएसपी सोय ने बार मालिकों की आंखों में आंखें डालकर सीधे शब्दों में काल कोठरी की याद दिला दी। उन्होंने दहाड़ते हुए कहा, “कान खोलकर सुन लो, अगर एक भी नाबालिग इस दहलीज के पार दिखा, तो बार को सील करने में मुझे पांच मिनट भी नहीं लगेंगे। ये तुम्हारा बार नहीं, गुनाह का अड्डा बनता जा रहा है!” सीसीटीवी कैमरों और आग बुझाने वाले सिलेंडरों की जांच करते हुए उन्होंने साफ कह दिया कि खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।

डीएसपी का साफ अल्टीमेटम- यह तो सिर्फ ट्रेलर है, फिल्म अभी बाकी है
रात के करीब 2 बज रहे थे, लेकिन डीएसपी प्रकाश सोय के चेहरे पर थकान का नामोनिशान नहीं था। इस ताबड़तोड़ और सनसनीखेज छापेमारी ने पूरे धनबाद के हुक्का बार और बियर बार संचालकों की रातों की नींद हराम कर दी है। बार से बाहर निकलते हुए डीएसपी सोय ने मीडिया के सामने जो कहा, उसने पूरे शहर में खलबली मचा दी है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यह तो बस शुरुआत है, आने वाले दिनों में इससे भी तगड़ा हंटर चलेगा। इस ताबड़तोड़ एक्शन के बाद अब धनबाद के बार गलियारों में सिर्फ एक ही चर्चा है… अगर नियमों में रत्ती भर भी लापरवाही हुई, तो डीएसपी प्रकाश सोय का कानून सीधे सलाखों के पीछे पहुंचा कर ही दम लेगा।

इसे भी पढ़ें : कुदरत का इश्क : दुनिया से बेखबर झाड़ियों में लिपटा रहा ‘नाग जोड़ा’… देखें वीडियो

