अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : “अगर सेटेलमेंट नहीं किया, तो तुम्हारी व्हाइट कार को कर देंगे रेड।” व्हाट्सएप पर आई इस खौफनाक धमकी ने रांची के एक बड़े कारोबारी परिवार की रातों की नींद उड़ा दी है। विदेश में बैठे वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर राजधानी के बिजनेस क्लास को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला बरियातू थाना क्षेत्र का है, जहां एक नामी कारोबारी से एक करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगी गई है।
विदेशी नंबर से आया धमकी भरा मैसेज
यह सनसनीखेज मामला बरियातू के रानी बगान इलाके का है। यहां के रहने वाले कारोबारी बिजेंद्र सिंह को मंगलवार की सुबह उनके व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला। यह मैसेज किसी भारतीय नंबर से नहीं, बल्कि एक विदेशी नंबर से आया था। मैसेज भेजने वाले ने सीधे तौर पर खुद को ‘प्रिंस खान दुबई’ बताया। उसने बिजेंद्र सिंह से कहा कि अगर वो अपनी और अपने परिवार की सलामती चाहते हैं, तो तुरंत एक करोड़ रुपये का इंतजाम करें।
अपराधियों के पास है परिवार की पूरी इंफॉर्मेशन
इस धमकी की सबसे डराने वाली बात यह है कि अपराधियों के पास कारोबारी के परिवार की पल-पल की खबर है। बिजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि व्हाट्सएप मैसेज में उनके परिवार के सदस्यों का न सिर्फ जिक्र था, बल्कि उनकी गाड़ी का नंबर और उसका रंग (व्हाइट) भी साफ-साफ लिखा हुआ था। मैसेज में साफ लफ्जों में लिखा था कि अगर तय समय में सेटेलमेंट नहीं हुआ, तो उनकी व्हाइट कार को खून से रेड कर दिया जाएगा।
बरियातू थाने में FIR दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
विदेशी नंबर से मिली इस खुली धमकी के बाद कारोबारी बिजेंद्र सिंह ने बिना वक्त गंवाए बरियातू थाने में मामले की लिखित शिकायत की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत FIR दर्ज कर ली है।। कारोबारी को डराने के लिए जिस विदेशी नंबर का इस्तेमाल किया गया है, पुलिस अब उसका सच पता लगाने में जुट गई है। इस हाई-प्रोफाइल मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की टेक्निकल सेल और साइबर क्राइम की स्पेशल टीम को काम पर लगाया गया है। पुलिस व्हाट्सएप चैट के आईपी एड्रेस और नंबर के सोर्स को ट्रैक कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के इस नेटवर्क को जल्द ही ध्वस्त कर दिया जाएगा और बिजनेसमैन को पूरी सुरक्षा दी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : अपनों से रूठे मासूमों के लिए ‘फरिश्ता’ बनी रांची RPF, ‘बारूद’ ले जाता तस्कर भी दबोचा

