अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में अगले चार दिनों तक मानसून सक्रिय रहने वाला है। 20 से 23 जुलाई के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 20 जुलाई को रांची समेत 13 जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद समेत मध्य झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
23 जुलाई तक बना रहेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार 20 से 23 जुलाई तक राज्य में मेघगर्जन और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को बारिश के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। तेज हवा के दौरान कमजोर पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग गिरने का खतरा भी बना रह सकता है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 21, 22 और 23 जुलाई को अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
कांके में डेढ़ घंटे की बारिश ने खोल दी जलनिकासी व्यवस्था की पोल
रविवार को कांके क्षेत्र में हुई करीब डेढ़ घंटे की झमाझम बारिश ने स्थानीय जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी भर गया। कई घरों और दुकानों में नाले का पानी घुस गया। सड़क पर करीब डेढ़ फीट तक पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
लोगों को पानी कम होने तक सड़क पर निकलने के लिए इंतजार करना पड़ा। कई वाहन पानी के बीच से गुजरते नजर आए। पैदल चलने वाले लोगों की भी मुश्किलें बढ़ गईं।
चार माह बाद भी नालों की सफाई का असर नहीं दिखा
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर सरकार बने करीब चार माह हो चुके हैं। मानसून को देखते हुए नालों की सफाई और जलजमाव से निपटने की योजना बनाने की बात कही गई थी। लेकिन बारिश के बाद हालात देखकर ऐसा लगता है कि नालों की सफाई का काम जमीन पर उस तरह नहीं हुआ, जिसकी जरूरत थी।
कई जगह नालियां कचरे से भरी हैं। बारिश का पानी नालों के रास्ते निकलने के बजाय सड़कों और घरों में घुस रहा है। रविवार की बारिश के बाद लोगों ने सवाल उठाया कि अगर डेढ़ घंटे की बारिश में ही यह स्थिति बन रही है तो आने वाले दिनों में तेज बारिश के दौरान हालात कितने खराब होंगे।
धनबाद के राजदह में 76.8 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की और मध्यम बारिश हुई। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक 76.8 मिलीमीटर बारिश धनबाद के राजदह में दर्ज की गई।
सरायकेला में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रांची के कांके में रहा। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रांची में 20 से 23 जुलाई तक ऐसा रहेगा तापमान
20 जुलाई : अधिकतम 29 डिग्री, न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस
21 जुलाई : अधिकतम 27 डिग्री, न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस
22 जुलाई : अधिकतम 27 डिग्री, न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस
23 जुलाई : अधिकतम 28 डिग्री, न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस
बारिश के साथ तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि, रांची और आसपास के इलाकों में जलजमाव की समस्या एक बार फिर बड़ी चुनौती बन सकती है। मौसम विभाग का अलर्ट जारी होने के बाद अब सबसे बड़ी जिम्मेदारी जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने की है, ताकि बारिश के बाद लोगों को सड़कों पर जमा पानी और घरों में घुसते नाले के पानी से जूझना न पड़े।
इसे भी पढ़ें : हैदराबाद में ट्रेनिंग, चतरा में वारदात, उचक्के की सैलरी एक लाख… जानें

