अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : JPSC यानी झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के मामले में जांच एजेंसियां अब एक्शन मोड में आ गई हैं। इस मामले में जांच की आंच अब आयोग के पूर्व अध्यक्ष तक पहुंच गई है। CID की टीम ने रांची पुलिस की मदद से JPSC के पूर्व अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्य सचिव रह चुके एल. खियांग्ते के सरकारी आवास और जेपीएससी दफ्तर स्थित उनके कमरे में छापेमारी की है। इस दौरान जांच टीम ने कई डिजिटल सबूत और जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं।
यह पूरी कार्रवाई CID थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत की जा रही है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई गंभीर धाराओं और झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा अधिनियम-2023 के तहत केस दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, मिले सबूतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डिजिटल सबूत जब्त, फॉरेंसिक जांच जारी
14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा के नतीजों में हुई धांधली को लेकर CID लगातार छापेमारी कर रही है। पूर्व अध्यक्ष के ठिकानों से पहले भी कई जगहों पर तलाशी ली जा चुकी है। जांच टीम ने अब तक हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, कंप्यूटर और कई अहम कागजात जब्त किए हैं। इन सभी डिजिटल सबूतों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है ताकि सच सामने आ सके। इस पूरे खेल में शामिल पांच आरोपियों को सीआईडी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार लोगों में जेपीएससी की पूर्व डिप्टी कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन श्वेता कुमारी गुप्ता और परीक्षा से जुड़ी डाटा प्रोसेसिंग कंपनी के निदेशक रामवीर सिंह सहित उनके कर्मचारी प्रशांत कुमार, अभिषेक कुमार और अजय कुमार शामिल हैं।
छात्रों का विरोध और परीक्षाएं स्थगित
14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद से ही अभ्यर्थियों ने इसमें भारी गड़बड़ी का आरोप लगाया था। छात्रों के लगातार विरोध प्रदर्शन और भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा जेपीएससी दफ्तर के घेराव के बाद राज्य सरकार ने इसकी जांच सीआईडी को सौंपी थी। मामले की गंभीरता और CID की कड़ी कार्रवाई को देखते हुए आयोग ने 22 जुलाई को बड़ा फैसला लिया। जेपीएससी ने 25 जुलाई से होने वाली 14वीं मुख्य परीक्षा समेत अन्य सभी प्रस्तावित परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित कर दिया है। सीआईडी की इस तेज कार्रवाई से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े कई और बड़े चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : डूरंड कप का रण रांची में सजने को तैयार, सीएम हेमंत को उद्घाटन मैच का न्योता

