अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : “आप देश के किसी भी हिस्से में नौकरी करें, किसी भी जिम्मेदारी को निभाएं, लेकिन अपनी जन्मभूमि बिहार को कभी मत भूलिए। बिहार के विकास में आपका भी उतना ही योगदान होना चाहिए, जितना देश के विकास में होगा।” यह बात सीएम सम्राट चौधरी ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफल बिहार के अभ्यर्थियों से संवाद के दौरान कही। लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता सिर्फ उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा जितना आगे बढ़ेंगे, राज्य उतना ही मजबूत और समृद्ध बनेगा।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सिविल सेवा में पहुंचना बड़ी उपलब्धि जरूर है, लेकिन असली परीक्षा अब शुरू होगी। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना, ईमानदारी से काम करना और समाज के लिए फैसले लेना ही एक अच्छे अधिकारी की पहचान है। उन्होंने युवाओं से कहा कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए वे जहां भी काम करें, वहां अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएं और साथ ही बिहार के विकास के लिए भी हमेशा सोचते रहें।
बिहार बदल रहा है, अब युवाओं को भी जिम्मेदारी निभानी होगी
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार तेजी से बदल रहा है और सरकार शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के नए अवसर तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार का सपना सिर्फ सरकार के प्रयासों से पूरा नहीं होगा। इसमें युवाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज सिविल सेवा में चयनित युवा अपनी प्रतिभा और अनुभव से प्रशासन को नई दिशा दे सकते हैं और बिहार के विकास को नई गति दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान रखती है। नई पीढ़ी को इस विरासत पर गर्व करना चाहिए और इसी प्रेरणा के साथ आधुनिक बिहार के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

हर प्रखंड में बेहतर पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की भी होगी तैयारी
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर लगातार काम कर रही है। सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों की व्यवस्था की जा रही है ताकि छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख न करना पड़े। इसके साथ ही स्कूलों में मॉडल स्कूल, लाइव क्लास और NEET तथा JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित कर रही है, जिससे छात्रों को 24 घंटे ऑनलाइन पढ़ाई और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिल सके। उनका कहना था कि जब गांव के बच्चों को भी अच्छी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का मौका मिलेगा, तब बिहार की प्रतिभा और अधिक मजबूती से सामने आएगी।

उद्योग, आईटी और आधुनिक शहरों पर रहेगा अगला फोकस
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार सिर्फ पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित न रहे। राज्य में उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, आधुनिक टाउनशिप और नए निवेश वाले क्षेत्रों पर तेजी से काम किया जाएगा। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने नेपाल से बिहार आने वाले पानी के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि यदि इस जल का सही प्रबंधन किया जाए तो सिंचाई और कृषि क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार की बड़ी आबादी और विशाल उपभोक्ता बाजार भी राज्य की ताकत है, जिसका लाभ भविष्य में विकास के लिए उठाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिविल सेवा का पद सम्मान जरूर देता है, लेकिन असली सम्मान जनता का विश्वास जीतने से मिलता है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ काम करने की अपील की और भरोसा जताया कि यही युवा आने वाले वर्षों में विकसित बिहार की मजबूत नींव बनेंगे।
इसे भी पढ़ें : बिहार से उठी नशामुक्ति की नई मुहिम, CM सम्राट बोले- अब गांव-गांव पहुंचेगा अभियान



