अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग के ईचाक थाना क्षेत्र के सिझुआ बिरहोर टोला में गुरुवार को शराब पीने के दौरान शुरू हुआ मामूली लफड़ा देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। साथ बैठकर शराब पी रहे दो युवकों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने दूसरे पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे बिरहोर टोला में मातम पसर गया है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान सिझुआ बिरहोर टोला निवासी सुनील बिरहोर के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसी टोला के रहने वाले विजय बिरहोर पर लगा है। घटना की सूचना मिलते ही ईचाक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
शराब पीते समय हुई कहासुनी, गुस्से में कर दिया जानलेवा हमला
स्थानीय लोगों के अनुसार सुनील बिरहोर और विजय बिरहोर गुरुवार को एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि नशे की हालत में विजय बिरहोर ने अपना आपा खो दिया और धारदार हथियार से सुनील बिरहोर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण सुनील बिरहोर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा, हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश जारी
सूचना मिलते ही ईचाक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसबीएमसीएच), हजारीबाग भेज दिया। ईचाक थानेदार गौतम कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला शराब पीने के दौरान हुए आपसी विवाद का सामने आया है। पुलिस ने आरोपित विजय बिरहोर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार की बरामदगी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। थानेदार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे बिरहोर टोला में शोक का माहौल है और लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं।
इसे भी पढ़ें : ‘भगत’ की बात पर खू’न का खेल… चाचा ने शादीशुदा भतीजे को का’ट डाला











