अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करणघाटी गांव में पुलिस ने नकली विदेशी दारू बनाने और बेचने के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई रेड में पुलिस ने भारी मात्रा में दारू बनाने का सामान, तैयार शराब की बोतलें, स्प्रिट और नकली ब्रांड के स्टिकर बरामद किए हैं। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
घर और झोपड़ी में मिली अवैध फैक्ट्री
एसपी अनुदीप सिंह को सूचना मिली थी कि करणघाटी गांव में अवैध तरीके से नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार में बेची जा रही है। सूचना मिलते ही उनके निर्देश पर पाकुड़ एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल यानी एसआईटी का गठन किया गया। गठित टीम ने गांव पहुंचकर जितेन साहा और तारेश साहा के घर के साथ घर के पीछे बनी झोपड़ी में रेड मारी। तलाशी के दौरान पुलिस को वहां नकली शराब बनाने का पूरा इंतजाम मिला।
रॉयल स्टेग के स्टिकर, खाली बोतलें और स्प्रिट बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 180 एमएल की 100 खाली बोतलें, 375 एमएल की 40 खाली बोतलें, रॉयल स्टेग ब्रांड के विभिन्न आकार के स्टिकर, 150 प्लास्टिक के ढक्कन, 20 भरी हुई शराब की बोतलें और करीब 20 लीटर स्प्रिट बरामद की। इसके अलावा नकली शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई। बरामद सामान से साफ है कि यहां लंबे समय से नकली विदेशी शराब तैयार करने का काम चल रहा था।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करणघाटी निवासी तारेश साहा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ लिट्टीपाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं दूसरे आरोपी जितेन साहा मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पूरे अभियान में लिट्टीपाड़ा थानेदार विवेक कुमार, सिमलौंग ओपी प्रभारी बलवंत दुबे, एसआई अनिल कुमार पंडित, एएसआई विपिन कुमार, अशोक प्रसाद यादव और लिट्टीपाड़ा थाना के सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।
इसे भी पढ़ें : आग से लड़ने को तैयार 58 नये साथी, CM हेमंत बोले- संकरी गलियों तक भी पहुंचेगी दमकल











