अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची में झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालने के लिए खास तैयारी की है। महोत्सव 9 और 10 अगस्त को आयोजित होना है। 9 अगस्त को जतरा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोकने और अलग-अलग इलाकों में पार्किंग की व्यवस्था की है। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने लोगों से अपील की है कि 9 अगस्त को मोरहाबादी और उसके आसपास जाने से पहले रूट में किए गए बदलाव को ध्यान में रखें। खासकर चारपहिया वाहन लेकर इस इलाके में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक इन रास्तों पर रोक
ट्रैफिक एसपी कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार, 9 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जतरा कार्यक्रम के दौरान कुछ प्रमुख सड़कों पर सभी तरह के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
इन रास्तों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा :
- जेल चौक से करमटोली चौक
- करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़
- एसएसपी आवास मोड़ से बापू वाटिका, मोरहाबादी
इन रास्तों से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को दूसरे मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। कार्यक्रम के दौरान भीड़ और वाहनों की संख्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस जरूरत के अनुसार कुछ अन्य रास्तों पर भी थोड़े समय के लिए डायवर्जन या वाहनों को रोक सकती है।
खूंटी, जमशेदपुर समेत कई जिलों से आएंगे वाहन
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के मुताबिक, जतरा कार्यक्रम में सिर्फ रांची ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा और रामगढ़ से आने वाले वाहनों की संख्या अधिक रहने की संभावना है। इसके अलावा रांची जिले के रातू, कांके, पिठोरिया समेत दूसरे इलाकों से भी लोग कार्यक्रम में पहुंचेंगे। शहर के धुर्वा, हिंदपीढ़ी, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा से आने वाले वाहनों के कारण भी मोरहाबादी में ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल तय किए हैं।
यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में बड़ी पार्किंग
मोरहाबादी पहुंचने वाले वाहनों के लिए यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है। अलग-अलग इलाकों से आने वाले वाहन न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, रेडियम चौक, एसएसपी आवास चौक, रणधीर वर्मा चौक और एटीआई मोड़ की ओर से यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्क किए जा सकेंगे। कांके रिंग रोड, चांदनी चौक और राम मंदिर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
बोड़ेयो रोड से आने वालों के लिए मंदिर मैदान
बोड़ेयो रोड की तरफ से जतरा कार्यक्रम में पहुंचने वाले वाहनों के लिए टीआरओआई मैदान यानी मंदिर मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, रिम्स और बरियातू की ओर से आने वाले वाहनों को डीआईजीजी मैदान, बरियातू में पार्क करने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक एसपी का कहना है कि पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने से मोरहाबादी के मुख्य रास्तों पर अनावश्यक जाम से बचा जा सकेगा।
चारपहिया वाहन लेकर मोरहाबादी जाने से बचें
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से खास तौर पर अपील की है कि 9 अगस्त को जेल चौक, करमटोली चौक, एसएसपी आवास चौक और मोरहाबादी के आसपास के रास्तों पर चारपहिया वाहन लेकर जाने से बचें। बहुत जरूरी होने पर ही इन रास्तों पर चारपहिया वाहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम में बड़ी भीड़ जुटने की संभावना है, इसलिए निजी वाहनों की संख्या कम रखने से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
घर से निकलने से पहले जरूर देख लें रूट
9 अगस्त को मोरहाबादी या आसपास के इलाके में जाने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी ले लें। जिन लोगों को इन रास्तों से होकर गुजरना है, वे पहले से वैकल्पिक रास्ता तय कर लें। महोत्सव के दौरान भीड़ की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस जरूरत पड़ने पर अन्य सड़कों पर भी वाहनों को डायवर्ट कर सकती है। इसलिए वाहन चालकों से पुलिस के निर्देशों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में एनकाउंटर, कुख्यात प्रिंस खान के गुर्गे को लगी गोली











