अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ रामगढ़ पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रेलर से 927 लीटर हरियाणा निर्मित शराब बरामद की है। शराब की यह खेप मांडू थाना क्षेत्र के हेसागढ़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रेलर में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके से 103 कार्टन में रखी 1236 बोतल शराब जब्त की है। सभी बोतलों पर “For Sale in Haryana” लिखा हुआ है।
पुलिस को शक है कि शराब को दूसरे राज्य से लाकर झारखंड में खपाने की तैयारी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रेलर की तलाशी लेकर शराब की पूरी खेप बरामद कर ली। पुलिस ने शराब के साथ ट्रेलर को भी जब्त कर लिया है।
गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने की छापेमारी
मामला आज यानि शनिवार की दोपहर करीब 2:30 बजे का है। रामगढ़ के एसपी मुकेश लुनायत को गुप्त सूचना मिली थी कि मांडू थाना क्षेत्र के हेसागढ़ा में हाईवे किनारे इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक ट्रेलर खड़ा है। सूचना में बताया गया कि ट्रेलर के अंदर बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है और उसे आगे खपाने की तैयारी चल रही है।
सूचना मिलते ही एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया। रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन के निर्देशन में तुरंत छापेमारी टीम बनाई गई। टीम में मांडू थानेदार सदानंद कुमार, एसआई सुकमणी और मांडू थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

ट्रेलर का डाला खुला तो अंदर मिला शराब का जखीरा
पुलिस टीम जब हेसागढ़ा पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो बताए गए ट्रेलर की जांच शुरू की गई। ट्रेलर का रजिस्ट्रेशन नंबर JH02BU-6500 बताया गया है। पुलिस ने जब ट्रेलर के डाला की तलाशी ली तो अंदर शराब के कार्टन रखे मिले। जांच के दौरान पुलिस ने रॉयल स्टैग ब्रांड की 103 कार्टन शराब बरामद की। इन कार्टनों में कुल 1236 बोतलें थीं, जिनकी कुल मात्रा करीब 927 लीटर बताई गई है। पुलिस के मुताबिक शराब की सभी बोतलों पर “For Sale in Haryana” लिखा हुआ था। इससे साफ है कि यह शराब हरियाणा में बिक्री के लिए थी और इसे दूसरे राज्य में लाकर खपाने की कोशिश की जा रही थी।
पुलिस के पहुंचने के समय शराब से संबंधित कोई वैध कागजात या दस्तावेज पेश नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस ने शराब की पूरी खेप को जब्त कर लिया और ट्रेलर को भी कब्जे में लेकर मांडू थाना ले आई।
केस दर्ज कर तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू
इस मामले में मांडू थाना में कांड संख्या 180/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप हरियाणा से कहां से चली थी और इसे झारखंड में किस जगह पहुंचाया जाना था। साथ ही ट्रेलर के मालिक, चालक और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब को झारखंड तक लाने के पीछे कौन लोग हैं और यहां इसे किसके जरिए खपाया जाना था। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और लोगों के नाम सामने आने की उम्मीद है।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन, मांडू थानेदार सदानंद कुमार, एसआई सुकमणी और मांडू थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : आदिवासी महोत्सव : कल कई रास्तों पर NO ENTRY, कई रूट डायवर्ट… जानें डिटेल्स











