अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात चोरों ने दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। वहीं, एक अधिवक्ता के घर में चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन चोर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। बड़ी अलीगंज और तिरंगा चौक के आसपास हुई इन घटनाओं में चोर लाखों रुपये के सोना-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिसकर्मी के घर में चोरी के दौरान जवान की चोरों से आमना-सामना हो गया। चोरों ने उन्हें देखते ही गुलेल से हमला किया और भाग निकले। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने में जुटी है।
ड्यूटी से लौटे जवान की चोरों से हो गई भिड़ंत
जिला पुलिस बल के जवान निसार अहमद का घर भी चोरों के निशाने पर था। निसार अहमद की ड्यूटी एसपी आवास में लगी थी। मंगलवार रात वह ड्यूटी पर थे। इसी दौरान चोरों ने उनके घर का ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी अलमारी को खंगालना शुरू कर दिया। चोर सामान समेट ही रहे थे कि निसार अहमद घर पहुंच गए।
घर में प्रवेश करते ही उनकी नजर चोरों पर पड़ गई। अचानक सामने पुलिसकर्मी को देखकर चोर घबरा गए और भागने लगे। बताया गया कि भागते समय चोरों ने निसार अहमद पर गुलेल से हमला भी किया। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। निसार अहमद के मुताबिक, सभी चोर ‘बोल बम’ के वेश में थे। इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चा होने लगी है।
व्यवसायी के घर से लाखों के जेवर और नकदी ले गए
बड़ी अलीगंज निवासी कारोबारी संजय भगत के किराए के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। संजय भगत किसी काम से अपने गांव अमड़ापाड़ा गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे और दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने मकान के दूसरे तल्ले में प्रवेश किया और अलमारी तोड़कर उसमें रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया।
परिजनों को घटना की जानकारी बुधवार सुबह हुई। संजय भगत ने बताया कि घर से लाखों रुपये के सोना-चांदी के जेवर और नकदी चोरी हुई है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो सका है कि कुल कितने रुपये और कितने मूल्य के जेवर चोरी हुए हैं। परिवार के लोग सामान का मिलान कर चोरी की पूरी सूची तैयार कर रहे हैं।
इधर, इलाके में एक अधिवक्ता के घर में भी चोरों ने घुसने का प्रयास किया, लेकिन वहां उन्हें सफलता नहीं मिली। लगातार हुई इन घटनाओं से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाया जा सकता है तो रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
बुधवार सुबह चोरी की जानकारी मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घरों का जायजा लिया और घटनास्थल से सुराग जुटाने की कोशिश की। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी ले रही है।
चोरों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी के बाद वे किस रास्ते से भागे। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : जब खुला खाकी के दिल का कोना, तब सीढ़ियों पर थकी दिव्यांग पारो के आंसू पोछ गये SP











