अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : देशभर में मानसून सक्रिय है। भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को 16 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 24 घंटे मौसम खराब रह सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी और मध्य प्रदेश में मौसमी सिस्टम सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं उत्तरी मध्य प्रदेश के आसपास कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के असर से उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में बारिश तेज हो गई है।अगले 24 घंटे में कई जगहों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आंधी चल सकती है। बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।
दिल्ली-यूपी से झारखंड तक तेज बारिश की संभावना
दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चलने का अनुमान है। इससे कई सड़कों पर पानी भरने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और आंधी का अलर्ट है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी तेज बारिश हो सकती है।
पहाड़ों में भूस्खलन, असम में बाढ़ का खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा बढ़ गया है। लोगों को पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर जारी है। असम में कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी है। मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने और मछुआरों को नदी या समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है। विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम में सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : शिक्षक के ट्रांसफर पर भड़के छात्र : पहले प्रमुख की गाड़ी फोड़ी, फिर थाना पर बरसाए पत्थर











