अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh ( Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के गोला थाना क्षेत्र के हेसापोड़ा के ब्राह्मण टोला में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचे दो शातिर चोरों को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी एक घर में चोरी करने के इरादे से घुसे थे। इसी दौरान उनकी गतिविधियों की भनक ग्रामीणों को लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर को घेर लिया। पुलिस और ग्रामीणों की घेराबंदी के बीच दोनों आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिला और उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी झारखंड और ओडिशा में पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। दोनों के खिलाफ लूट, डकैती, गृहभेदन और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों के केस दर्ज हैं। मौके से पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल होने वाले लोहे के सामान और टूटा हुआ ताला भी बरामद किया है।
घर में घुसे थे चोर, ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
घटना हेसापोड़ा के ब्राह्मण टोला की है। पुलिस के मुताबिक, स्वरूप पण्डा और सोमनाथ पण्डा के घर में दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी के इरादे से घुसे थे। घर और आसपास के लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद गोला के सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर मकान को चारों तरफ से घेर लिया। घेराबंदी देखकर दोनों आरोपियों ने निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की टीम पहले से मुस्तैद थी। दोनों को मौके से ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोहे का गैंता, दो लोहे के कब्जे और एक टूटा हुआ ताला बरामद किया। पुलिस को आशंका है कि घर में घुसने और ताला तोड़ने के लिए इन्हीं सामानों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
झारखंड और ओडिशा में दर्ज हैं 22 आपराधिक मामले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहील गंगराई उर्फ पिंटू और कार्तिक मांझी के रूप में हुई है। 33 वर्षीय शाहील गंगराई उर्फ पिंटू पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र के कोचाकोली का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ चंपुआ, जोड़ा, हाटगम्हरिया और कुचाई थाना क्षेत्रों में कुल 9 मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, डकैती और रंगदारी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
वहीं, 36 वर्षीय कार्तिक मांझी ओडिशा के झाड़सुगुड़ा जिले का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ ओडिशा के प्लांट साइट, राउरकेला, लहुनीपाड़ा और झिरपानी थाना क्षेत्रों में 13 मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास के मामले के साथ चोरी और डकैती से जुड़े केस भी शामिल हैं।
इस तरह दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 22 आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड पुलिस के सामने आया है। पूछताछ के दौरान पुलिस उनके पुराने मामलों और इलाके में हाल में हुई चोरी की घटनाओं से उनके कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर पंकज कुमार, गोला थानेदार अभिषेक कुमार, एसआई अमित कुमार, स्वामी रंजन ओझा, कुमार प्रभात रंजन, एएसआई संजय कुमार गोराई, तहसीन अहमद और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके साथ जुड़े अन्य लोगों और पूर्व की आपराधिक घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।
इसे भी पढ़ें : नम हुईं आंखें, गर्व से ऊंचा हुआ माथा… पाकुड़ ने ऐसे उतारा आजादी के दीवानों का ‘कर्ज’











