अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : रिलायंस अब आइसक्रीम बाजार में भी उतर गई है। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड यानी RCPL ने मंगलवार को बॉम्बे क्रीमरी नाम से अपना नया आइसक्रीम ब्रांड लॉन्च किया। इसकी शुरुआती कीमत महज ₹10 रखी गई है। कंपनी का कहना है कि आइसक्रीम रियल डेयरी क्रीम से तैयार की जाएगी और इसे आम परिवारों की पहुंच में रखने की कोशिश की गई है। बॉम्बे क्रीमरी की आइसक्रीम ग्राहकों को कोन, कप, टब, बार और स्टिक जैसे अलग-अलग फॉर्मेट में मिलेगी। फिलहाल इसकी बिक्री पश्चिम भारत से शुरू की गई है। कंपनी की योजना आने वाले समय में इसे देश के दूसरे हिस्सों में भी पहुंचाने की है। ₹10 की शुरुआती कीमत को देखते हुए कंपनी की नजर उन ग्राहकों पर भी है, जो कम कीमत में आइसक्रीम खरीदना पसंद करते हैं। वहीं टब जैसे बड़े पैक परिवारों के लिए रखे गए हैं। कंपनी का दावा है कि अलग-अलग पैक और कीमत के जरिए बच्चों से लेकर परिवारों तक सभी तरह के ग्राहकों को ध्यान में रखा गया है।
रियल डेयरी क्रीम पर जोर
RCPL के डायरेक्टर टी. कृष्णकुमार ने कहा कि बॉम्बे क्रीमरी को इस सोच के साथ तैयार किया गया है कि आइसक्रीम में डेयरी की असली पहचान बनी रहे। कंपनी रियल डेयरी क्रीम से बनी आइसक्रीम को ऐसी कीमत पर उपलब्ध कराना चाहती है, जिसे भारतीय परिवार आसानी से खरीद सकें। बॉम्बे क्रीमरी के साथ RCPL ने पहली बार आइसक्रीम कैटेगरी में कदम रखा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की FMCG इकाई पहले से कई कंज्यूमर प्रोडक्ट्स बाजार में उतार चुकी है। अब कंपनी अपने बड़े डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और रिटेल पहुंच के सहारे आइसक्रीम बाजार में भी जगह बनाने की तैयारी में है। पश्चिम भारत में शुरुआत के बाद इसकी पहुंच पूरे देश में बढ़ाने की योजना है।
इसे भी पढ़ें : जियो की सबसे बड़ी छलांग, बिहार-झारखंड में जून में जुड़े 2.22 लाख नए ग्राहक

