अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi/Patna : बिहार और झारखंड के टेलीकॉम बाजार में रिलायंस जियो की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। जून 2026 के लिए भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) की ओर से जारी कंज्यूमर मार्केट शेयर (CMS) रिपोर्ट बताती है कि नए मोबाइल ग्राहकों को जोड़ने के मामले में जियो ने एक बार फिर सभी कंपनियों को काफी पीछे छोड़ दिया। दूसरी तरफ भारती एयरटेल और वोडा-आइडिया ने भी अपने ग्राहक बढ़ाए, लेकिन सरकारी कंपनी बीएसएनएल के लिए यह महीना फिर नुकसान वाला साबित हुआ।
हर तीन नए ग्राहकों में दो ने चुना जियो
TRAI के आंकड़ों के मुताबिक जून 2026 में बिहार टेलीकॉम सर्किल, जिसमें बिहार और झारखंड दोनों राज्य शामिल हैं, में कुल 3 लाख 41 हजार 21 नए मोबाइल ग्राहक जुड़े। इनमें सबसे बड़ा हिस्सा रिलायंस जियो के खाते में गया। अकेले जियो ने 2 लाख 21 हजार 986 नए ग्राहक जोड़े। यानी हर तीन नए ग्राहकों में लगभग दो ने जियो का नेटवर्क चुना। मई में जियो के पास 4 करोड़ 53 लाख 86 हजार 595 मोबाइल ग्राहक थे। जून के आखिर तक यह संख्या बढ़कर 4 करोड़ 56 लाख 8 हजार 581 हो गई। कंपनी की इस बढ़त में मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी यानी एमएनपी का भी बड़ा योगदान रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने अपना पुराना नंबर बरकरार रखते हुए दूसरी कंपनियों का नेटवर्क छोड़कर जियो का साथ चुना।
एयरटेल और वीआई ने भी बढ़ाए ग्राहक, लेकिन बीएसएनएल की गिरावट जारी
जियो के बाद सबसे ज्यादा फायदा भारती एयरटेल को हुआ। जून महीने में एयरटेल से 1 लाख 35 हजार 961 नए ग्राहक जुड़े। इसके साथ कंपनी का कुल ग्राहक आधार 4 करोड़ 97 लाख 20 हजार 312 से बढ़कर 4 करोड़ 98 लाख 56 हजार 273 हो गया। वोडा-आइडिया के लिए भी जून राहत लेकर आया। कंपनी ने एक महीने में 3 हजार 636 नए ग्राहक जोड़े। मई में वीआई के 74 लाख 40 हजार 735 ग्राहक थे, जो जून में बढ़कर 74 लाख 44 हजार 371 हो गए।
वहीं बीएसएनएल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जून महीने में कंपनी के 20 हजार 562 ग्राहक कम हो गए। मई में बीएसएनएल के पास बिहार और झारखंड में 55 लाख 53 हजार 265 ग्राहक थे, लेकिन जून के अंत तक यह संख्या घटकर 55 लाख 32 हजार 703 रह गई। लगातार घटती ग्राहक संख्या सरकारी कंपनी के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।
टेली डेंसिटी सबसे कम, लेकिन जियो का दबदबा कायम
TRAI की रिपोर्ट के मुताबिक जून 2026 में बिहार टेलीकॉम सर्किल की टेली डेंसिटी बढ़कर 63.95 प्रतिशत हो गई है। इसमें पहले की तुलना में सुधार जरूर हुआ है, लेकिन देश के सभी टेलीकॉम सर्किलों में यह अब भी सबसे कम है। यानी आबादी के मुकाबले मोबाइल कनेक्शन की पहुंच अभी भी राष्ट्रीय औसत से काफी पीछे है।
मोबाइल सेवाओं के अलावा होम कनेक्ट यानी फिक्स्ड ब्रॉडबैंड और होम इंटरनेट सेवाओं में भी रिलायंस जियो की मजबूत पकड़ बनी हुई है। बिहार और झारखंड में इस सेगमेंट में कंपनी के पास 70 प्रतिशत से ज्यादा बाजार हिस्सेदारी है। इतना ही नहीं, जून महीने में इस श्रेणी में जितने नए कनेक्शन जुड़े, उनमें करीब 80 प्रतिशत हिस्सेदारी अकेले जियो के खाते में गई।
इन आंकड़ों से साफ है कि बिहार और झारखंड में टेलीकॉम बाजार तेजी से बदल रहा है। उपभोक्ता बेहतर नेटवर्क, तेज इंटरनेट और बेहतर सेवाओं की तलाश में कंपनियां बदल रहे हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा फिलहाल रिलायंस जियो को मिल रहा है, जबकि एयरटेल भी अपनी स्थिति मजबूत बनाए हुए है। दूसरी ओर बीएसएनएल के सामने ग्राहकों का भरोसा वापस जीतना सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : ओमान के दलदल में फंसी सिमडेगा की प्रीति के लिए मसीहा बने सीएम हेमंत… जानें कैसे



