अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Gaya : बिहार को औद्योगिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में सरकार तेजी से कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार रविवार को इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमसी) गया पहुंचे। उन्होंने वहां चल रहे विकास और निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। ग्राउंड जीरो पर पहुंचे सचिव ने एक-एक काम की प्रगति देखी और अधिकारियों से पूछा कि प्रोजेक्ट तय समय पर पूरा होगा या नहीं। उन्होंने साफ कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता से समझौता किए बिना सभी बुनियादी ढांचे का काम तेजी से निपटाएं।


काम में ढिलाई नहीं, समय पर पूरा करने का अल्टीमेटम
निरीक्षण के दौरान कुंदन कुमार ने परियोजना प्रबंधन एजेंसी के अफसरों के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता और समयसीमा पर चर्चा की। उन्होंने एजेंसी को दो टूक निर्देश दिए कि जो भी डेडलाइन तय की गई है, उसी के भीतर काम पूरा होना चाहिए। मजदूरों और जरूरी संसाधनों की संख्या बढ़ाकर निर्माण की रफ्तार तेज की जाए, ताकि उद्योगों को जल्द से जल्द जमीन और बेहतर माहौल मिल सके।

आसपास की जमीन का सर्वे, दो दिन में मांगी रिपोर्ट
आईएमसी को बड़े पैमाने पर विस्तार देने की तैयारी भी शुरू हो गई है। सचिव ने मौके पर मौजूद एसडीएम, सीईओ, जीएमडीआईसी और डीजीएम को निर्देश दिया कि वे क्लस्टर से सटी खाली जमीन का तुरंत जायजा लें। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त जमीन के अधिग्रहण की संभावनाओं का सही तरीके से सर्वे किया जाए। कौन सी जमीन परियोजना के काम आ सकती है, इसका पूरा ब्योरा तैयार कर अगले दो दिनों के भीतर रिपोर्ट विभाग को सौंपी जाए।
निवेश और रोजगार का बड़ा केंद्र बनेगा गया
सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि गया का यह मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर आने वाले दिनों में बिहार के औद्योगिक नक्शे पर अपनी अलग पहचान बनाएगा। यह आधुनिक उद्योगों और बड़े निवेश का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज के काम के साथ-साथ हमें भविष्य की औद्योगिक जरूरतों पर भी ध्यान देना होगा। अगर अभी से जमीन और बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जाएगा, तो नए उद्योगों को आने में कोई परेशानी नहीं होगी और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के मौके बनेंगे।
इसे भी पढ़ें : ब्रिक्स के जरिए दुनिया में चमके बिहार के सत्तू और मखाना, सीएम सम्राट ने जताया पीएम का आभार

