अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के हेहल मैदान में बीती शाम पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को लोडेड देसी पिस्टल और जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि मैदान के पास कुछ संदिग्ध युवक किसी अपराध को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक युवक पकड़ा गया, जबकि उसका साथी भाग निकला। बाद में पुलिस ने उसे भी रातू से गिरफ्तार कर लिया।
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि 14 सितंबर की शाम करीब 6:50 बजे सुखदेवनगर थानेदार इंस्पेक्टर सुनील कुमार कुशवाहा को हेहल मैदान में संदिग्ध अपराधियों के जुटने की सूचना मिली। इसके बाद थाना पुलिस, पीसीआर-28 के पदाधिकारी और सशस्त्र बल के साथ तत्काल मैदान में छापेमारी की गई। पुलिस टीम को देखते ही वहां बैठे युवक भागने लगे। जवानों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नितेश मिर्धा के तौर पर की गयी। वह हेहल पाहन टोली का रहने वाला बताया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.65 एमएम की लोडेड देसी पिस्टल, एक जिंदा गोली और आईफोन बरामद किया गया।

फरार साथी को रातू से दबोचा
छापेमारी के दौरान नितेश के साथ मौजूद ऋतिक राज मौके से भाग निकला था। पुलिस ने उसकी तलाश में दबिश दी और उसे नवाटोली सिमलिया, रातू से गिरफ्तार कर लिया। ऋतिक सर्वोदय नगर, इमली पेड़, नवाटोली सिमलिया का रहने वाला है। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस वारदात की तैयारी कर रहे थे और हथियार उनके पास कहां से आया। दोनों के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पिस्टल, गोली और आईफोन जब्त कर लिया है।
कार्रवाई में थानेदार सुनील कुमार कुशवाहा, एसआई राहुल कुमार, प्रदीप सैवाया, एएसआई विनोद कुमार सोनी, कृष्णा प्रसाद गुप्ता, आरक्षी रोहित कुमार राय समेत थाना के रिजर्व गार्ड शामिल रहे।
इसे भी पढ़ें : कामकाजी महिलाओं के आत्मसम्मान से कोई समझौता नहीं, HASP में हुई पॉश ट्रेनिंग

