अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के कई जिलों में आई बाढ़ के बीच सहकारिता विभाग ने पीड़ितों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। राज्य के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने अपने एक महीने का पूरा वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान कर दिया है। इसके साथ ही सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी दो बड़ी संस्थाओं ने मिलकर 3 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित ‘संकल्प’ में मंत्री और विभागीय अधिकारियों ने सहायता राशि के चेक सौंपे।
निगम ने दिए 2 करोड़ और बैंक ने 1 करोड़ की मदद की
राहत कोष में दी गई 3 करोड़ रुपये से अधिक की इस राशि में संस्थाओं की बड़ी भागीदारी रही। बिहार राज्य भंडार निगम की ओर से 2 करोड़ रुपये का चेक दिया गया, जबकि बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, पटना ने 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। मंत्री ने अपना वेतन और इन दोनों संस्थाओं के चेक एक साथ मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए भेंट किए। यह पूरी राशि बाढ़ से घिरे इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने और प्रभावित लोगों के पुनर्वास में खर्च की जाएगी।

संकट में लोगों के साथ खड़ा होना हमारी जिम्मेदारी: मंत्री
चेक सौंपने के बाद सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि इस समय राज्य के कई जिलों में लोग बाढ़ की भारी मार झेल रहे हैं। ऐसी विपदा के समय प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करना सरकार के साथ-साथ समाज की भी बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र हमेशा से आम लोगों की भलाई और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। यह मदद संकट में घिरे परिवारों तक तुरंत राहत पहुंचाने में काम आएगी और विभाग आगे भी जरूरतमंदों के साथ खड़ा रहेगा।
चेक सौंपने के दौरान सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह, बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष रमेश चंद्र चौबे, निदेशक विनय कुमार और जितेंद्र कुमार, प्रबंध निदेशक अरविंद कुमार पासवान तथा बिस्कोमान के अध्यक्ष विशाल सिंह समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : गया IMC पर बियाडा सख्त, MD बोले- समय पर पूरा हो काम, अतिक्रमण पर चलायें बुलडोजर

