अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़-पतरातू मुख्य मार्ग पर स्थित बरकाकाना तेलियातु मोड़ के पास मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। पतरातू से सीमेंट लादकर डुमरी जा रहे एक ट्रक (संख्या JH10DJ8426) में अचानक आग लग गई। लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते ट्रक का पिछला हिस्सा आग के गोले में तब्दील हो गया। लपटों को देख रास्ते से गुजर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। गनीमत यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाई और समय रहते वाहन रोककर बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
शॉर्ट सर्किट से भड़की चिंगारी, धमाके के साथ फटा डीजल टैंक
घटना की शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। तारों से निकली चिंगारी ने पहले ट्रक की बॉडी को पकड़ा और फिर आग तेजी से पीछे लदे सामान की तरफ फैल गई। इसी दौरान आग की तपिश पाकर ट्रक का डीजल टैंक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका होते ही आग और भड़क उठी और पूरा पिछला हिस्सा जलने लगा। हादसे में ट्रक पर लदी सीमेंट की पूरी खेप बर्बाद हो गई और गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा।


चालक ने कूदकर बचाई जान, किसी के हताहत होने की खबर नहीं
ट्रक चला रहे रामचंद्र यादव नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौगवा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि गाड़ी चलाते वक्त जैसे ही उन्हें पीछे से धुआं और लपटें उठती दिखीं, उन्होंने फौरन ब्रेक लगाकर गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और कूदकर दूर भाग गए। चालक की इस तत्परता की वजह से कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस और दमकल ने मिलकर पाया लपटों पर काबू
घटना की जानकारी मिलते ही बरकाकाना ओपी के नए प्रभारी रोशन बाड़ा अपनी टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। एएसआई परीक्षित महतो, आरक्षी पंकज पासवान और होमगार्ड जवान प्रदीप तिग्गा ने मोर्चा संभालते हुए आसपास जमा भीड़ को हटाया और दोनों तरफ से आ रहे वाहनों को सुरक्षित दूरी पर रुकवाया। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद लपटों को पूरी तरह बुझाया। इसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हो सका।
इसे भी पढ़ें : सुधर जाओ या इलाका छोड़ दो… चार्ज लेते ही शिवलाल गुप्ता और रोशन बाड़ा की दो टूक

