अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी की सड़कों पर चेन स्नेचरों का आतंक अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा। शहर की किसी भी गली, मोड़ या बाजार में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस न करें, इसे पुलिस अपनी पहली प्राथमिकता बनाए। यह सख्त हिदायत एसएसपी राकेश रंजन ने शहर भर के पुलिस अफसरों को दी है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि चेन छिनतई की कोई भी सूचना मिलते ही पुलिस फौरन हरकत में आए, तुरंत केस दर्ज हो और आरोपी सलाखों के पीछे पहुंचे। एसएसपी की अध्यक्षता में हुई इस हाईलेवल बैठक में सिटी एसपी पारस राणा, रूरल एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, कोतवाली एएसपी निखिल राय, ट्रैनी आईपीएस साक्षी जमुआर, सिटी डीएसपी वेंकटेश रमन, सदर डीएसपी संजीव बेसरा और तमाम थानेदार मौजूद थे।
सादे कपड़ों में घूमेगी पुलिस, एसआईटी संभालेगी जांच का जिम्मा
एसएसपी ने मैदानी स्तर पर असरदार कार्रवाई का खाका खींचते हुए साफ किया कि पुलिस की मौजूदगी सड़कों पर दिखनी भी चाहिए और जहां जरूरत हो, वहां छिपकर वार भी होना चाहिए। शहर के तमाम संवेदनशील इलाकों और स्नेचिंग के हॉटस्पॉट पर सादे कपड़ों में पुलिस जवानों को तैनात किया जा रहा है। इसके साथ ही मामलों की तह तक जाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी एसआईटी मैदान में उतार दी गई है। एसएसपी ने थानेदारों से दो टूक कहा कि अपने-अपने इलाकों के बाजारों, भीड़भाड़ वाले चौराहों और महिलाओं की नियमित आवाजाही वाले रास्तों पर लगातार पेट्रोलिंग सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी बदमाश को मौका ही न मिले।

सीसीटीवी से नपेंगे आने-जाने के रास्ते, जेल से छूटे बदमाशों की जांच शुरू
बैठक में एसएसपी राकेश रंजन ने छिनतई की पुरानी वारदातों का बारीकी से विश्लेषण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराधी वारदात के बाद किन रास्तों से भागते हैं, उन तमाम एग्जिट प्वाइंट्स पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। टेक्निकल सेल को निर्देश दिया गया है कि वह मोबाइल ट्रैकिंग, सीसीटीवी फुटेज और दूसरे डिजिटल सुरागों के जरिए अपराधियों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करे। जहां कैमरे नहीं हैं, वहां लोगों को कैमरे लगाने के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा जो बदमाश पहले चेन स्नेचिंग में जेल जा चुके हैं या हाल ही में जमानत पर बाहर आए हैं, उनकी पूरी कुंडली खंगाली जा रही है और उनके हर कदम पर नजर रखी जा रही है।
फील्ड पेट्रोलिंग और डिजिटल जांच मिलकर तोड़ेंगे स्नेचरों की कमर
एसएसपी ने मातहतों को समझाया कि पारंपरिक पुलिसिंग और नई तकनीक जब एक साथ मिलकर काम करेंगी, तभी अपराध की कमर टूटेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केवल थानों में बैठकर कागजी खानापूर्ति करने के बजाय फील्ड में उतरें, संदिग्ध रास्तों पर अचानक गाड़ियों की चेकिंग लगाएं और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त जवानों को संवेदनशील मोड़ों पर खड़ा करें। एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट किया कि छिनतई करने वाले अपराधियों के साथ-साथ उनके मददगारों और चोरी के गहने खपाने वाले पूरे नेटवर्क पर ऐसी कानूनी कार्रवाई की जाएगी कि वे दोबारा शहर में इस तरह की हिम्मत न जुटा सकें।
इसे भी पढ़ें : रौद्र रूप में रांची के वॉटरफॉल्स, हुंडरू-जोन्हा-दशम को लेकर अलर्ट जारी


