अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची जिले में मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शनिवार, 26 सितंबर 2026 को जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है। यह आदेश केजी से लेकर 12वीं तक की सभी कक्षाओं पर लागू होगा। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला स्कूली बच्चों को जलजमाव, तेज बारिश और खराब मौसम की वजह से होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए लिया गया है।
निजी और सरकारी दोनों तरह के स्कूलों पर लागू होगा नियम
उपायुक्त कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, यह पाबंदी जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी यानी प्राइवेट स्कूलों पर एक समान रूप से लागू रहेगी। आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा-34 के तहत यह दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने अपने ताजा बुलेटिन में जिले को येलो जोन में रखते हुए मूसलाधार बारिश का अंदेशा जताया है। ऐसे में सड़कों पर पानी भरने और आवागमन में दिक्कतों की आशंका को देखते हुए बच्चों की छुट्टी का फैसला लिया गया।
शिक्षकों को स्कूल आना होगा, परीक्षाओं पर प्रिंसिपल लेंगे फैसला
बच्चों के लिए भले ही छुट्टी घोषित कर दी गई हो, लेकिन सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को राहत नहीं मिली है। सभी शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों को सामान्य दिनों की तरह स्कूल पहुंचकर ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी हाजिरी दर्ज करानी होगी और बाकी गैर-शैक्षणिक काम निपटाने होंगे। वहीं जिन स्कूलों में पहले से कोई जरूरी परीक्षा तय है, वहां परीक्षा कराने या टालने को लेकर अंतिम फैसला संबंधित स्कूल के प्रिंसिपल अपने स्तर पर ले सकेंगे।
आदेश की अनदेखी करने वाले स्कूलों पर होगी कानूनी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आदेश का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। अगर कोई भी स्कूल प्रबंधन इस आदेश की अनदेखी कर बच्चों को बुलाता पाया गया, तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे मौसम के हालात को देखते हुए सतर्क रहें और बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें।
इसे भी पढ़ें : रांची में आंधी-बारिश से हवाई सेवा धड़ाम, इंडिगो की कई फ्लाइट्स रद्द



