अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में उद्योग लगाने की तैयारी कर रहे कारोबारियों के लिए अच्छी खबर है। बियाडा यानी बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार ने राज्य के अलग-अलग जिलों में 12 नई फैक्ट्रियों को लगाने के लिए 9.14 एकड़ जमीन और प्लग एंड प्ले शेड आवंटित कर दिए हैं। इन फैक्ट्रियों के शुरू होने से राज्य में करीब 132.60 करोड़ रुपये का निजी निवेश आएगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर लगभग 2500 युवाओं के लिए सीधे रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। यह फैसला बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार की अध्यक्षता में हुई प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमेटी की बैठक में लिया गया।
9 जिलों में लगेंगी नई फैक्ट्रियां
बियाडा की मंजूरी के बाद अब राज्य के 9 प्रमुख जिलों में औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी। जिन जिलों में यह जमीन आवंटित की गई है, उनमें राजधानी पटना के अलावा बक्सर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, भागलपुर, पूर्णिया, मधुबनी, औरंगाबाद और सहरसा शामिल हैं। जमीन मिलने के बाद अब कंपनियां जल्द ही अपनी यूनिट्स लगाने का काम शुरू करेंगी। सरकार का मकसद साफ है कि उद्योग केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि उत्तर और दक्षिण बिहार के छोटे कस्बों तक भी फैक्ट्रियों का जाल फैले ताकि स्थानीय लोगों को काम की तलाश में अपना घर न छोड़ना पड़े।

प्लग एंड प्ले शेड से काम शुरू करना होगा आसान
बैठक में पारंपरिक जमीन के साथ-साथ प्लग एंड प्ले शेड्स के आवंटन को भी हरी झंडी दी गई। इसका सीधा फायदा यह होगा कि नए कारोबारियों को जमीन खरीदकर पहले दिन से निर्माण कार्य करने की लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। उन्हें बिजली, पानी और शेड जैसी जरूरी सुविधाओं से लैस तैयार ढांचा मिलेगा, जहां मशीनें लगाकर सीधे काम शुरू किया जा सकता है। इससे न सिर्फ प्रोजेक्ट लगाने का समय बचेगा, बल्कि लागत भी घटेगी और फैक्ट्रियां रिकॉर्ड समय में चालू हो सकेंगी।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा अपने ही घर में काम
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि नई मंजूरियां बिहार को मैन्युफैक्चरिंग और तकनीक के क्षेत्र में आगे ले जाने का काम करेंगी। राज्य सरकार निवेशकों के लिए हर तरह की सहूलियतें बढ़ा रही है ताकि वे बिना किसी परेशानी के काम कर सकें। इस पहल से सबसे बड़ा फायदा स्थानीय युवाओं को होगा, जिन्हें अपने ही जिले में हुनर के हिसाब से नौकरी मिलेगी। वहीं, बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार ने बताया कि जमीन आवंटन का पूरा काम पूरी तरह पारदर्शी और तय समय सीमा के भीतर किया जा रहा है। बेहतर सड़कों, कनेक्टिविटी और सरकारी सहयोग के दम पर बिहार तेजी से निवेशकों की पसंद बनता जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : सड़कें डूबीं तो आसमान से बरसी मदद, सारण के बाढ़ पीड़ितों के लिए देवदूत बनी वायुसेना



