अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खगड़े द्वारा पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस पर बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए कांग्रेस नेतृत्व को आड़े हाथों लिया है। शाह ने दो टूक शब्दों में कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस रोजाना बदजुबानी और बदतमीजी के नए रिकॉर्ड बना रही है। राजनीतिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर विपक्ष अब केवल निचले स्तर के हमलों पर उतर आया है।
पुराने बयानों की याद दिलाकर साधा निशाना
गृह मंत्री ने कहा कि पटना के मंच से कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर अनुचित बात कहकर शिष्टाचार की तमाम हदें पार कर दी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश के प्रधानमंत्री या उनके परिवार पर निजी वार करने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री की पूजनीय माताजी को लेकर आपत्तिजनक बातें कह चुके हैं। कभी मोदी को मौत का सौदागर बताया गया, तो कभी उनके बचपन और चाय बेचने की पृष्ठभूमि का मजाक उड़ाकर गरीबी का उपहास किया गया। कांग्रेस हमेशा से विकास की बहस से बचकर निजी अपमान का रास्ता चुनती आई है।
लगातार मिल रही पराजय से उपजी हताशा
शाह ने कहा कि पिछले बारह सालों से जनता कांग्रेस को लगातार चुनावों में नकार रही है। बार-बार मिल रही हार के चलते पूरी पार्टी में गहरी निराशा छा गई है। आज कांग्रेस के पास जनता के बीच ले जाने के लिए न तो कोई ठोस विजन बचा है और न ही कोई मजबूत मुद्दा रह गया है। यही वजह है कि पार्टी अब गाली-गलौज के सहारे अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रही है। शाह ने चेताया कि आम जनता के बीच आधार गंवाने के बाद अब कांग्रेस अपने जमीनी कार्यकर्ताओं का भरोसा भी खो रही है। इतिहास गवाह है कि जब भी विपक्ष ने मोदी या उनके परिजनों पर कीचड़ उछाला है, देश के मतदाताओं ने वोट की चोट से उसका करारा जवाब दिया है।
इसे भी पढ़ें : CM सम्राट का पलटवार : पीएम के पिता पर अपशब्द बोलना अपराध, राहुल और खड़गे तुरंत मांगें माफी



