अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के 73 लाख से ज्यादा किसान परिवारों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का पैसा सीधे ट्रांसफर कर दिया गया है। इस किस्त के तहत राज्य के किसानों को कुल 1,476 करोड़ रुपये की सम्मान राशि मिली है। शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 9.34 करोड़ किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी। पटना के ज्ञान भवन से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस समारोह से जुड़े और किसानों को समय पर आर्थिक मदद देने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया।
दो दिनों की बेमौसम बारिश से हुए नुकसान की भरपाई करेगी सरकार
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल ही में हुई बेमौसम बारिश से फसलों को पहुंचे नुकसान पर चिंता जाहिर की। उन्होंने मंच से ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पिछले दो दिनों की बारिश से खेतों में हुए नुकसान का तुरंत सर्वे कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सरकारी सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इससे पहले बाढ़ से प्रभावित किसानों को 7,000 रुपये प्रति किसान की दर से सहायता दी गई थी और इनपुट सब्सिडी के रूप में भी 270 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

टाल और दियारा के खेतों से गाद हटाने के लिए पहली बार नई नीति
राज्य में खेती को आसान बनाने के लिए सरकार पहली बार गाद प्रबंधन नीति लेकर आई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नेपाल की तराई से आने वाले पानी के साथ बड़ी मात्रा में गाद और बालू बहकर खेतों में जमा हो जाती है, जिससे टाल और दियारा इलाकों के किसानों को खेती करने में भारी दिक्कत आती है। अब इस गाद को व्यवस्थित तरीके से हटाने की व्यवस्था शुरू की जा रही है। इसके लिए सभी जिलों के डीएम और आपदा प्रबंधन विभाग को जरूरी कदम उठाने के आदेश दिए गए हैं।
सौर ऊर्जा से चलेंगे कृषि फीडर, दूध उत्पादन बढ़ाने का बड़ा लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की 76 फीसदी से ज्यादा आबादी अपनी रोजी-रोटी के लिए खेती पर निर्भर है। किसानों की लागत कम करने के लिए सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बिजली दी जा रही है और अब इन सभी कृषि फीडरों को पूरी तरह सौर ऊर्जा से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए सरकार सालाना लगभग 5,500 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी खर्च कर रही है। इसके अलावा ग्रामीण महिलाओं को मजबूत करने के लिए 32 लाख पशु सखियां बनाई जा चुकी हैं और राज्य में दूध उत्पादन को मौजूदा 32 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़ाकर अगले तीन साल में 50 लाख लीटर प्रतिदिन तक ले जाने का लक्ष्य तय किया गया है।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और अन्य विभागों के मंत्री व आला अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट ने आनंद महिंद्रा को दिया बिहार आने का न्योता, दिग्गज उद्योगपति बोले- मौका मिलते ही…



