अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : शेयर बाजार में शानदार शुरुआत के बाद रिलायंस जियो के लिए टेलीकॉम मोर्चे से भी बड़ी खुशखबरी आई है। सितंबर महीने में मोबाइल ग्राहकों को जोड़ने के मामले में जियो ने अपनी सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी कंपनी भारती एयरटेल को काफी पीछे छोड़ दिया है। जियो ने इस दौरान एयरटेल के मुकाबले लगभग 10 गुना ज्यादा कोर मोबाइल ग्राहक जोड़े हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि आम बोलचाल वाले मोबाइल फोन के कनेक्शन के मामले में जियो ने बाजार में एकतरफा बढ़त बना ली है।
दूरसंचार नियामक ट्राई (TRAI) के सितंबर के आंकड़ों पर आधारित डीएएम कैपिटल और आईआईएफएल कैपिटल की रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है। इस विश्लेषण में मशीनों, गाड़ियों और पीओएस डिवाइस में इस्तेमाल होने वाले मशीन-टू-मशीन यानी एम2एम कनेक्शन को अलग रखा गया है। केवल इंसानों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे असली कोर ग्राहकों की बात करें तो सितंबर में जियो के 19 लाख ग्राहक बढ़े। वहीं, एयरटेल इस दौरान केवल 2 लाख नए कोर मोबाइल यूजर ही जोड़ सकी। पूरे देश में इस श्रेणी के कुल 22 लाख नए ग्राहक बने, जिसमें से अकेले 86 फीसदी हिस्सेदारी जियो की झोली में गई।
एक्टिव यूजर्स में भी जियो का दबदबा, एयरटेल और वीआई को झटका
सिर्फ सिम कार्ड बिकने के मामले में ही नहीं, बल्कि सक्रिय रूप से फोन इस्तेमाल करने वाले एक्टिव यूजर्स की दौड़ में भी जियो ने बाजी मारी है। डीएएम कैपिटल के विश्लेषण के अनुसार, सितंबर में एम2एम कनेक्शन हटाकर देखा जाए तो जियो के एक्टिव ग्राहकों की संख्या में 13 लाख का इजाफा हुआ। दूसरी तरफ, बाकी दोनों प्रमुख निजी कंपनियों को इस मोर्चे पर नुकसान उठाना पड़ा।
समीक्षाधीन महीने में एयरटेल के 2 लाख एक्टिव ग्राहक कम हो गए, जबकि भारी कर्ज से जूझ रही वोडाफोन आइडिया (वीआई) के 3 लाख एक्टिव ग्राहक घट गए। इन दोनों कंपनियों के नुकसान के बावजूद जियो के दमदार प्रदर्शन की बदौलत देश भर में कुल एक्टिव मोबाइल यूजर्स की संख्या में 6 लाख की शुद्ध बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कुल ग्राहकों का आंकड़ा 51 करोड़ पार, जानें बाकी कंपनियों का हाल
अगर सभी तरह के कनेक्शनों (एम2एम को मिलाकर) की बात करें, तब भी देश के टेलीकॉम सेक्टर में जियो का दबदबा साफ नजर आता है। ट्राई के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर के अंत तक रिलायंस जियो का कुल मोबाइल ग्राहक आधार 51.11 करोड़ तक पहुंच गया है। वहीं दूसरे नंबर पर काबिज एयरटेल के कुल ग्राहकों की संख्या 49.43 करोड़ रही।
तीसरे पायदान पर मौजूद वोडाफोन आइडिया के पास सितंबर अंत तक 20.01 करोड़ मोबाइल ग्राहक थे, जबकि सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल 9.43 करोड़ ग्राहकों के साथ चौथे नंबर पर रही। बाजार के जानकारों का मानना है कि 5जी नेटवर्क के तेज विस्तार और किफायती प्लान्स के दम पर जियो ने नए ग्राहकों को अपनी तरफ खींचने में बड़ी सफलता पाई है।
इसे भी पढ़ें : नो सर्विस को अलविदा, 1600 सैटेलाइट के दम पर अंतरिक्ष से नेटवर्क बरसायेगा JIO



