अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर अब झारखंड के मौसम पर साफ दिखने लगा है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में आसमान में बादलों का डेरा जम गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से 4 नवंबर तक पूरे प्रदेश में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मंगलवार को दिनभर धूप-छांव का खेल जारी रहेगा और आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान रांची, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, कोडरमा, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां और दोनों सिंहभूम जिलों में गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं।
5 नवंबर से साफ होगा आसमान, लुढ़केगा पारा
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तूफान का प्रभाव कम होते ही 5 नवंबर से मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा और बादल छंट जाएंगे। आसमान साफ होते ही तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद सुबह के वक्त मैदानी और जंगली इलाकों में कोहरा अपनी चादर फैलाने लगेगा। शहर में अभी सुबह-शाम गुलाबी ठंड का अहसास हो रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में दिन और रात के पारे का अंतर कम होने से दिन में भी सिहरन महसूस होगी।
15 नवंबर के बाद सताएगी कड़ाके की सर्दी
मौसम का यह मिजाज साफ संकेत दे रहा है कि बारिश की विदाई के तुरंत बाद ठंड तेजी से पांव पसारेगी। 15 नवंबर के बाद से ठंड लोगों को सताने लगेगी। सुबह के समय राजधानी घने कोहरे और धुंध की आगोश में सिमटी नजर आएगी। उत्तरी राज्यों में होने वाली बर्फबारी का सीधा असर भी झारखंड की हवाओं पर पड़ेगा, जिससे कनकनी और बढ़ जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक इस महीने के पहले हफ्ते में ही बारिश का मुख्य असर रहेगा, जबकि महीने के अंत तक कड़ाके की सर्दी पूरी तरह से दस्तक दे देगी।
इसे भी पढ़ें झारखंड में रंगदारी सिंडिकेट की टूटेगी रीढ़, विदेश में बैठे दोनों गैंगस्टरों पर इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस



