अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : कार्तिक शुक्ल चतुर्थी की सुबह के साथ ही रांची की हवाओं में एक अलग सी पवित्रता और भक्ति घुल गई है। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ आज यानी शुक्रवार को नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ शुरू हो गया है। इस बार प्रकृति और पंचांग दोनों ही छठ व्रतियों पर मेहरबान नजर आ रहे हैं, क्योंकि चारों दिन ग्रह-गोचरों का बेहद शुभ संयोग बन रहा है। धृति योग और रवियोग के बीच सुबह से ही घरों और जलाशयों में व्रतियों के स्नान का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके बाद पूरे घर और खासकर रसोई की बारीकी से सफाई कर मिट्टी के चूल्हे या शुद्ध बर्तन में चने की दाल, अरवा चावल का भात और कद्दू की सात्विक सब्जी तैयार की जा रही है।
सबसे पहले सूर्यदेव और छठी मैया को इस पवित्र भोजन का भोग लगाया जाएगा, जिसके बाद व्रती खुद इसे ग्रहण कर कठिन तप का संकल्प लेंगे। व्रती के भोजन करने के बाद परिवार के बाकी सदस्य और आस-पड़ोस के लोग भी बड़े चाव से यह प्रसाद पाएंगे। नहाय-खाय की यह परंपरा सिर्फ तन की सफाई भर नहीं है, बल्कि मन की शुद्धता और संयम के साथ महापर्व में प्रवेश करने का पहला पड़ाव है।
बाजारों में कद्दू की भारी डिमांड, सौ रुपए तक पहुंची कीमत
छठ के पहले दिन कद्दू-भात के प्रसाद का खास महत्व होने के कारण गुरुवार को रांची के बाजारों में गजब की चहल-पहल देखने को मिली। मोराबादी से लेकर डेली मार्केट और लालपुर तक देर रात लोग कद्दू की खरीदारी करते नजर आए। आस्था के इस महापर्व में हर परिवार सबसे पहले कद्दू खरीदने की होड़ में दिखा, जिसका सीधा असर इसकी कीमतों पर भी पड़ा। मांग इतनी ज्यादा बढ़ गई कि आम दिनों में सस्ते मिलने वाले कद्दू के दाम बाजार में 100 रुपए तक पहुंच गए, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में इससे कोई कमी नहीं आई।
खरना की खीर के लिए दोगुनी हुई दूध की मांग, आठ लाख लीटर सप्लाई की तैयारी
शुक्रवार को नहाय-खाय के बाद शनिवार को खरना का अनुष्ठान होगा, जिसमें गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाया जाएगा। खरना के दिन खीर बनाने के लिए रांची में दूध की मांग पिछले साल के मुकाबले दोगुनी हो गई है। ग्राहकों की इस भारी जरूरत को पूरा करने के लिए दूध कंपनियों ने भी कमर कस ली है। अगले दो दिनों में अकेले सुधा डेयरी चार लाख लीटर, मेधा डेयरी दो लाख लीटर और अन्य कंपनियां मिलकर दो लाख लीटर दूध की सप्लाई करेंगी। मेधा के मार्केटिंग हेड अमृतेश कुमार और सुधा के मार्केटिंग हेड अश्विनी कुमार ने भरोसा दिलाया है कि शहर में दूध की कोई किल्लत नहीं होने दी जाएगी। इसके अलावा हरमू रोड स्थित गोशाला में भी शनिवार को 510 लीटर शुद्ध दूध उपलब्ध रहेगा। यहां सुबह 6 बजे से वितरण शुरू होगा, जिसमें सुबह 300 लीटर और शाम को 210 लीटर दूध बिकेगा। गोशाला में देसी गाय का दूध 84 रुपए और जर्सी गाय का दूध 60 रुपए प्रति लीटर तय किया गया है।
तीन साल बाद रविवार को संध्या अर्घ्य का दुर्लभ संयोग, दुल्हन की तरह सजे घाट
इस साल आस्था और ज्योतिष का एक ऐसा दुर्लभ संयोग बन रहा है, जिसने श्रद्धालुओं की खुशी को दोगुना कर दिया है। सूर्यदेव को समर्पित दिन यानी रविवार को ही महापर्व का पहला संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। यह खास संयोग पूरे तीन साल बाद आया है। इससे पहले रविवार को पहला अर्घ्य 19 नवंबर 2023 को पड़ा था, जबकि उससे पूर्व 30 अक्टूबर 2022, 6 नवंबर 2016 और 10 नवंबर 2002 को ऐसा दिन आया था। इस महासंयोग को यादगार बनाने के लिए राजधानी के 72 प्राकृतिक घाटों को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में 63 कृत्रिम तालाब भी तैयार किए गए हैं। घाटों पर सुरक्षा के लिहाज से मजबूत बैरिकेडिंग की गई है और महिलाओं की सुविधा के लिए 501 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। जगमगाती रोशनी के बीच कई घाटों पर व्रतियों के लिए गंगाजल और दूध बांटने की भी खास व्यवस्था की गई है।
छठ पर मौसम रहेगा सुहाना, चक्रवात का झारखंड पर नहीं पड़ेगा कोई असर
अर्घ्य के दौरान मौसम को लेकर भी व्रतियों के लिए राहत भरी खबर है। बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर को निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो 15 नवंबर तक डिप्रेशन और आगे चक्रवाती तूफान में बदल सकता है, लेकिन मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक झारखंड पर इस सिस्टम का कोई असर नहीं पड़ेगा। शुक्रवार सुबह हल्का कुहासा रहने के बाद दिन में आसमान साफ रहेगा, वहीं शनिवार को खरना के दिन हल्के बादल छाए रह सकते हैं। राहत की बात यह है कि 15 और 16 नवंबर को दोनों अर्घ्य के दिन मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। हालांकि, इस दौरान हल्की ठंड दस्तक देगी और रांची का न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री गिरकर 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है, जो सुबह और शाम के अर्घ्य के माहौल को और भी खुशनुमा बना देगा।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के सरकारी बाबुओं और अफसरों को आखिरी मौका, संपत्ति का ब्योरा देने की तारीख बढ़ी


