अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Madhubani : मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजपुर गांव में गुरुवार की देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस ने ऐतिहासिक स्थल बलिराजगढ़ के पास से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया। बोरे में बंद लाश मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटनास्थल के पास से बरामद सामानों के आधार पर ऐसी आशंका जताई जा रही है कि यह शव उसी ASI चंद्रमोहन सिंह का हो सकता है, जिन पर एक बड़ी घटना को अंजाम देने का गंभीर आरोप लगा है। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से इस बात की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटनास्थल से मिले ASI के दस्तावेज और हथियार
स्थानीय सूत्रों और पुलिस महकमे से मिल रही शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बलिराजगढ़ के पास सुनसान इलाके में एक बोरा संदिग्ध अवस्था में पड़ा दिखा था। जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बोरे को खोला, तो अंदर से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शव के पास से ASI चंद्रमोहन सिंह का सर्विस रिवॉल्वर, आधार कार्ड और पैन कार्ड मिला है। इन्हीं सबूतों के आधार पर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि मृतक कोई और नहीं बल्कि आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह ही हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए इन बरामदगी की जांच कर रही है।
चेहरे पर गंभीर चोट के कारण पहचान में हो रही मुश्किल
बरामद किए गए शव की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के गहरे निशान हैं, जिसके कारण चेहरा पूरी तरह विकृत हो गया है और उसकी तत्काल पहचान कर पाना काफी मुश्किल हो रहा है। पुलिस को आशंका है कि पहचान छिपाने की नीयत से ही चेहरे पर वार किया गया होगा। जब तक शव की शिनाख्त पूरी तरह से नहीं हो जाती और परिजनों या फॉरेंसिक जांच से इसकी पुष्टि नहीं होती, तब तक पुलिस किसी भी नतीजे पर पहुंचने से बच रही है।
मौके पर पहुंचे एसपी योगेंद्र कुमार, जांच तेज
मामले की गंभीरता और इसमें एक पुलिस अधिकारी का नाम जुड़ने के कारण जिले के आला अधिकारी भी पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। सूचना मिलते ही मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ के लिए रवाना हो गए। पुलिस की टीम घटनास्थल के आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर सबूत जुटाने में लगी हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
इसे भी पढ़ें : पटना को मिला ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ का खिताब, सीएम बोले- यह बिहार के लिए गौरव


