अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना सिटी के लोगों को जल्द ही अशोक राजपथ और मारूफगंज मंडी के भीषण जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट तक बन रहे संपर्क पथ के तैयार होने से स्टेशन की जेपी गंगा पथ से सीधी कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो जाएगी। इसके साथ ही पटना साहिब रेलवे स्टेशन पर बन रहे आरओबी के जरिए जेपी गंगा पथ को सीधे नए एनएच-30 से भी जोड़ा जाएगा। शनिवार को निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि काम की रफ्तार बढ़ाई जाए और तय समय सीमा के भीतर इसे पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

दलहट्टा और चरखीपर समेत आसपास के इलाकों को मिलेगा सीधा फायदा
सीएम सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों को बेहतर सड़क और सुगम यातायात व्यवस्था देने के लिए लगातार काम कर रही है। इस नए संपर्क पथ के बन जाने से न केवल अशोक राजपथ और मारूफगंज मंडी क्षेत्र में लगने वाले रोज के जाम की समस्या कम होगी, बल्कि दलहट्टा और चरखीपर समेत आसपास की घनी आबादी वाले इलाकों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे पटना सिटी के स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों का आवागमन बेहद आसान हो जाएगा।

52.54 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 1.5 किलोमीटर लंबा संपर्क पथ
निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार पाल ने सीएम को इस प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पटना साहिब रेलवे स्टेशन से शुरू होकर पटना घाट पर जेपी गंगा पथ से जुड़ने वाला यह संपर्क पथ कुल 1.5 किलोमीटर लंबा है। 52.54 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य 5 अप्रैल 2025 को शुरू हुआ था। यातायात को बिना रुकावट चलाने के लिए इस परियोजना के तहत अशोक राजपथ के ऊपर एक फ्लाईओवर का भी निर्माण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे कई आला अधिकारी
ग्राउंड जीरो पर काम की प्रगति देखने पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी के साथ प्रशासनिक अमला भी मौजूद रहा। इस दौरान पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार पाल, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष पराशर, पटना नगर आयुक्त यशपाल मीणा और जिलाधिकारी कुंदन कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर रहकर सीएम को निर्माण कार्य के हर पहलू से अवगत कराया।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट ने दी खरना की शुभकामनाएं, छठी मइया से मांगा प्रदेशवासियों के आरोग्य का वरदान





