अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में सरकारी अस्पतालों की दवाओं को चोरी-छिपे खुले बाजार में बेचने वाले दवा कारोबारियों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। राज्य औषधि नियंत्रण विभाग की टीमों ने एक साथ पूरे बिहार में 40 से अधिक ठिकानों पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से दवा मंडियों में दिनभर हड़कंप मचा रहा। विभाग को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में मरीजों को मुफ्त दी जाने वाली दवाएं (BMSICL की सप्लाई) आसपास की निजी दुकानों पर बेची जा रही हैं। इसी शिकायत पर विभाग ने राज्यव्यापी अभियान चलाया।
बिहार के 18 से अधिक जिलों में औषधि नियंत्रण विभाग का औचक निरीक्षण
औषधि नियंत्रण विभाग की अलग-अलग टीमों ने पटना समेत सारण (छपरा), रोहतास (सासाराम), पूर्णिया, बक्सर, सहरसा, नवादा, मुंगेर, गयाजी, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, कैमूर, दरभंगा, सुपौल, जमुई, भागलपुर, पश्चिम चंपारण और औरंगाबाद के दवा बाजारों में दबिश दी। अधिकांश जगहों पर जांच के दौरान कई तरह की गड़बड़ियां मिली हैं। विभाग ने संदिग्ध दुकानदारों से जवाब तलब किया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इन दुकानों का लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
पटना की जीएम रोड दवा मंडी में छापेमारी, 48 दवाओं की बिक्री पर रोक
राजधानी पटना की सबसे बड़ी दवा मंडी जीएम रोड में जांच के लिए विभाग ने तीन विशेष टीमें बनाई थीं। इन टीमों ने तीन बड़ी दवा दुकानों पर छापा मारकर कुल 48 दवाओं की बिक्री पर तत्काल रोक (फॉर्म-15 जारी) लगा दी है। साथ ही, गुणवत्ता की जांच के लिए तीन दवाओं के सैंपल भी लिए गए हैं।
- मेसर्स मां तारा एजेंसी : जांच के दौरान यहां गड़बड़ी मिलने पर 10 दवाओं के लिए फॉर्म-15 जारी कर इनकी बिक्री रोक दी गई है।
- मेसर्स मेडिसिन हाउस : यहां नशीली (नारकोटिक) श्रेणी की दवाओं समेत कुल 16 दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई गई है। दुकानदार इन दवाओं की खरीद-बिक्री के पक्के बिल नहीं दिखा सके। टीम ने यहां से एक दवा का सैंपल भी जांच के लिए उठाया है।
- मेसर्स मां अपर्णा मेडिसिन : टीम ने यहां 22 दवाओं के लिए फॉर्म-15 जारी कर बिक्री पर रोक लगाई है। इसके अलावा दो दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

लोहानीपुर में पकड़ी गई बिना लाइसेंस चल रही दवा फैक्ट्री
पटना के लोहानीपुर इलाके में अवैध रूप से दवा बनाने के एक बड़े मामले का भी खुलासा हुआ है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) और राज्य औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने महावीर पथ स्थित भगवती सदन में चल रही ‘मेसर्स एंडिसन्स फार्मिक्स’ (M/s Andisons Pharmix) पर छापा मारा। ड्रग इंस्पेक्टर नीतीश कुमार, नेहा रंजन और शशि रंजन की टीम ने पाया कि यहां बिना किसी वैध लाइसेंस के दो तरह की दवाएं बनाई जा रही थीं। टीम ने मौके से तैयार और बिना पैक की हुई 18140 रुपये की दवाएं जब्त की हैं। इसके साथ ही दवाओं के रैपर और पैकिंग का सामान भी जब्त कर लिया गया है। दोनों दवाओं के सैंपल लैब भेज दिए गए हैं और फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आगे भी जारी रहेगा दवा माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान
औषधि नियंत्रण विभाग ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई यहीं नहीं रुकेगी। राज्य के सभी सहायक औषधि नियंत्रकों (ADC) और ड्रग इंस्पेक्टरों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने इलाकों में लगातार नजर रखें। सरकारी दवाओं की हेराफेरी करने वालों और बिना लाइसेंस दवा बनाने या बेचने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अचानक छापेमारी जारी रहेगी।
इसे भी पढ़ें : छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने खोया आपा, 4 साल की बिटिया को पीट-पीटकर मार डाला






