अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Samastipur : बिहार में छठ महापर्व का मतलब आस्था, स्वच्छता और परिवार की खुशहाली की कामना होता है। जिस पर्व में एक मां अपनी संतान की लंबी उम्र के लिए छत्तीस घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखती है, उसी पर्व की तैयारियों के बीच समस्तीपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने ममता के हर मायने को झकझोर दिया है। यहां चार साल की एक मासूम बच्ची को महज इसलिए अपनी जान गंवानी पड़ी, क्योंकि उसने अनजाने में छठ पूजा का प्रसाद जूठा कर दिया था।
आस्था की शुद्धता और मां के गुस्से के बीच पिस गई मासूमियत
समस्तीपुर के पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड नंबर 12 में राजू पासवान का परिवार रहता है। घर में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं और माहौल उत्सव जैसा था। राजू की पत्नी रीना कुमारी घर के अंदर बैठकर पूरी शुद्धता के साथ छठ का प्रसाद बना रही थीं। चारों तरफ पकवानों की खुशबू फैली हुई थी।
चार साल की नन्ही सुहानी को भला पूजा के नियमों और शुद्धता-अशुद्धता की क्या समझ होती। पकवान देखकर उसका बालमन ललचा गया और वह मां के पास आकर प्रसाद खाने की जिद करने लगी। मां रीना ने उसे डांटकर मना किया कि अभी पूजा नहीं हुई है, इसलिए इसे नहीं छूना है। लेकिन बच्चों की जिद के आगे भला किसकी चली है। सुहानी ने नजर बचाकर प्रसाद का एक टुकड़ा उठाया और मुंह में डाल लिया।
एक पल का आवेश और हमेशा के लिए खामोश हो गई सुहानी
प्रसाद जूठा होते ही रीना कुमारी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। पर्व की पवित्रता भंग होने के डर और क्षणिक आवेश में वह यह भी भूल गईं कि सामने उनकी अपनी ही चार साल की फूल सी बच्ची खड़ी है। गुस्से में उन्होंने सुहानी को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। नन्ही सी जान इस मार को सहन नहीं कर पाई और गंभीर रूप से घायल होकर बेसुध हो गई।
बेटी को बेहोश होता देख मां का गुस्सा काफूर हुआ और घबराहट ने घेर लिया। वह आनन-फानन में सुहानी को गोद में उठाकर एक निजी अस्पताल की तरफ दौड़ीं। डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने की कोशिश शुरू की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इलाज के दौरान सुहानी की सांसें थम गईं। जिस आंगन में कुछ देर पहले तक छठ के गीत गूंजने की तैयारी थी, वहां पल भर में चीख-पुकार मच गई।
घाट से लौटे पिता को मिली बेटी की मौत की खबर
जिस वक्त घर के भीतर यह सब हो रहा था, उस समय बच्ची के पिता राजू पासवान और परिवार के बाकी लोग छठ घाट बनाने के लिए गए हुए थे। वे इस बात से बिल्कुल अनजान थे कि पीछे उनके घर की खुशियां उजड़ने वाली हैं। राजू और रीना के तीन बच्चे थे। सात साल की बड़ी बहन शिवानी और डेढ़ साल का छोटा भाई राजा अब भी इस बात को पूरी तरह समझ नहीं पा रहे हैं कि उनकी बहन सुहानी अब कभी उनके साथ खेलने नहीं आएगी।
पुलिस की हिरासत में मां, पिता ने की सख्त सजा की मांग
गांव में जब यह बात फैली तो हर कोई सन्न रह गया। ग्रामीणों ने ही पुलिस को इस घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पूसा थाना पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया और आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया।
बेटी को खोने के गम से टूटे पिता राजू पासवान अब अपनी ही पत्नी के खिलाफ खड़े हो गए हैं। उनका कहना है कि जिस मां ने अपनी ही बच्ची की जान ले ली, उसे कानून से कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए। पूसा थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : गंगा की लहरों पर उम्मीदों का नया रास्ता… ‘नीतीश सेतु’, 21 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन






