अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Darbhanga : मिथिला की धरती पर विकास की नई इबारत लिखते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने रविवार को दरभंगा वासियों को कई बड़ी सौगातें दीं। नागेन्द्र झा स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान सीएम ने 346 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कुल 105 विकासात्मक परियोजनाओं का रिमोट दबाकर उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 103 तैयार हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन शामिल है, जबकि दो नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि महाकवि विद्यापति मिथिला की महान पहचान हैं और उनकी प्रतिमा राजकीय सम्मान के साथ स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर रखने के लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष आग्रह करेंगे।

दरभंगा एयरपोर्ट का होगा विस्तार, मार्च 2027 से पहले बनेगा नया टर्मिनल
हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी जानकारी देते हुए सीएम ने बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसका रन-वे 4 किलोमीटर लंबा होगा, जो पटना एयरपोर्ट के रन-वे से करीब डेढ़ गुना बड़ा है। विस्तार के बाद दरभंगा एयरपोर्ट आकार और सुविधाओं के मामले में गया जी और पटना एयरपोर्ट से भी बड़ा हो जाएगा और यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू हो सकेंगी। एयरपोर्ट विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण का काम शुरू हो चुका है। नए टर्मिनल भवन का निर्माण मार्च 2027 से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए दरभंगा एम्स के निर्माण की दिशा में मिट्टी भराई और टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

कक्षा 1 से 6 तक मैथिली में होगी पढ़ाई, बनेगा मां सीता विश्वविद्यालय
मिथिला की समृद्ध भाषा और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़े कदम उठाए हैं। सीएम सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि बिहार के स्कूलों में अब कक्षा 1 से लेकर 6 तक मैथिली भाषा में पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही माता सीता के नाम पर एक नए विश्वविद्यालय की स्थापना भी की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ज्ञान, साहित्य और कला की इस पावन भूमि को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव मदद करेगी। कृषि और स्थानीय उत्पादों की चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि मिथिला मखाना और दूध उत्पादन का प्रमुख केंद्र है। देश के कुल मखाना उत्पादन का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा अकेले बिहार में होता है। आज मखाना पूरी दुनिया में एक पसंदीदा आहार बन चुका है, जिससे स्थानीय किसानों की आमदनी में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और बिजली उत्पादन से बदलेगी बिहार की तस्वीर
औद्योगिक विकास का रोडमैप साझा करते हुए सीएम ने कहा कि गया जी में 1700 एकड़ में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को जमीन पर उतारा गया है और अब इसी तर्ज पर दरभंगा में भी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने का काम शुरू होगा। इससे इलाके में निवेश बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने वर्ष 2030 तक राज्य में 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन करने और एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य तय किया है। कोसी-मेची लिंक परियोजना के लिए केंद्र सरकार से मिली आर्थिक मदद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2037 में बिहार अपनी स्थापना के 125 साल पूरे करेगा। तब तक राज्य को पूरी तरह समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे पर योजनाबद्ध तरीके से काम चल रहा है।

मां श्यामा माई मंदिर में सीएम ने की पूजा
कार्यक्रम की शुरुआत से पहले सीएम सम्राट चौधरी ने दरभंगा महाराज के किला परिसर स्थित प्रसिद्ध मां श्यामा माई मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में होने वाले सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। स्टेडियम में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करने के बाद सीएम ने लाभार्थियों को सांकेतिक चेक, आयुष्मान कार्ड और बैटरी चालित ट्राईसाइकिल वितरित किए। इस दौरान विद्यापति सेवा संस्थान की ओर से सीएम को मिथिला विभूति सम्मान से नवाजा गया और उन्होंने ‘मिथिलाक गाम’ पुस्तक के तीसरे खंड तथा ‘अर्पण’ स्मारिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में मंत्री कुमार शैलेंद्र, मदन सहनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद गोपाल जी ठाकुर, धर्मशीला गुप्ता, अशोक यादव सहित कई विधायक, विधान पार्षद और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें : उद्योगों का नया हब बनता बिहार : 73 कंपनियों को बियाडा ने दी जमीन, 1380 करोड़ का होगा निवेश




