अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का निधन हो गया है। इस दुखद खबर के बाद से उनके परिवार, करीबी लोगों और समर्थकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। अर्जुन मुंडा खुद इस समय गहरे सदमे में हैं और उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बेहद भावुक पोस्ट लिखकर अपनी मां के गुजरने की जानकारी साझा की है।
अपनी मां को याद करते हुए अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया पर अपने दिल का दर्द बयां किया। उन्होंने लिखा कि मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं और उनके जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा है, बल्कि जिंदगी का वह सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया है। उन्होंने आगे लिखा कि मां के रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था। मां के निधन की जानकारी देते हुए उन्होंने यह भी बताया कि उनका अंतिम संस्कार आज ही किया जाएगा।
मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ़ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि ज़िंदगी का वो सबसे मज़बूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।
आज ही पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। https://t.co/GwR1C3SDdr
— Arjun Munda (@MundaArjun) November 22, 2026
जमशेदपुर में दोपहर 1 बजे निकलेगी अंतिम यात्रा
परिवार की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, दिवंगत सायरा मुंडा के अंतिम दर्शन की व्यवस्था सोमवार को जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास पर की गई है। यहां स्थानीय लोग, कार्यकर्ता और परिचित पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उनकी अंतिम यात्रा सोमवार दोपहर 1 बजे घोड़ाबांधा आवास से निकलेगी और भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट जाएगी, जहां उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया गहरा शोक
सायरा मुंडा के निधन पर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने भी गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री और बड़े भाई अर्जुन मुंडा जी की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। सीएम हेमंत ने कहा कि मां का जाना जीवन की एक अपूरणीय क्षति है और इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बड़े भाई आदरणीय श्री अर्जुन मुंडा जी की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।
माँ का निधन जीवन की अपूरणीय क्षति है। इस दुःख की घड़ी में श्री अर्जुन मुंडा जी एवं उनके समस्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं।
मारांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 23, 2026
इसे भी पढ़ें : झारखंड विस के 26वें स्थापना दिवस पर सीएम हेमंत बोले- 2050 का खाका तैयार कर रही सरकार




